22 केंद्रों पर होगी टीईटी परीक्षा
बिजनौर। शासन ने जिले में शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के लिए केंद्रों की घोषणा कर दी है। परीक्षा के लिए 22 केंद्र बनाए गए हैं। इसके साथ ही 108 मजिस्ट्रेट तथा पर्यवेक्षक निगरानी के लिए रहेंगे। शिक्षा विभाग कक्ष निरीक्षकों की सूची फाइनल करने में जुटा है।
शिक्षक पात्रता परीक्षा 22 दिसंबर को है। परीक्षा प्राइमरी और अपर प्राइमरी वर्ग में होनी है। जिले से प्राइमरी वर्ग में 17089 और अपर प्राइमरी वर्ग में 10737 अभ्यर्थी शामिल होने हैं। प्रशासन ने परीक्षा केंद्र के लिए दो दर्जन से अधिक विद्यालयों की सूची मंजूरी के लिए शासन को भेजी थी। डीआईओएस प्रतिनिधि निशांत कुमार यादव के अनुसार शासन ने टीईटी परीक्षा के लिए 22 केंद्रों को मंजूरी दी है। प्राइमरी परीक्षा 22 केंद्रों तथा अपर प्राइमरी परीक्षा 14 केंद्रों पर होगी। जिला मुख्यालय पर वर्धमान कॉलेज, आरबीडी, राजकीय पॉलिटेक्निक, जीजीआईसी, जीआईसी, आरजेपी, केपीएस, आर्य कन्या इंटर कॉलेज, डीएवी, बीआईसी, सेंटमेरी, एमडी कॉलेज चामुंडा रोड, डीडीपीएस, कृष्णा कॉलेज, विवेक कालेज, माडर्न एरा, एमडी इंटरनेशनल मंडावर रोड, एएन इंटरनेशनल, माउंट लिट्रा, कृष्णा इंस्टीट्यूट झालू तिराहा, किसान इंटर कॉलेज पीली चौकी, वीर कुंवर कालेज आफ फार्मेसी परीक्षा केंद्र हैं। सभी केंद्र जिला मुख्यालय के पांच किलोमीटर की परिधि में हैं। केंद्रों पर दो के लिहाज से 36 स्टेटिक मजिस्ट्रेट, 72 पर्यवेक्षक हैं। छात्रों की संख्या के अनुसार हर कक्ष में दो के लिहाज से कक्ष निरीक्षक की सूची तैयार हो रही है। डीएम की अध्यक्षता वाली समिति सचल दस्तों की संख्या को फाइनल करेगी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट प्रश्न पत्रों के केंद्र पर आने से लेकर परीक्षा समाप्ति तक रहेंगे।
ये रहेंगे नियम
प्रशासन ने टीईटी परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए अभ्यर्थियों के लिए निर्देश जारी किए हैं। डीएम रमाकांत पांडेय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार अभ्यर्थी बिना पहचान पत्र के परीक्षा में नहीं बैठ सकेगा। पहचान के लिए डीएल, पेन कार्ड, पासपोर्ट, वोटर आईडी का होना जरूरी है। केंद्र पर अभ्यर्थी की सीट आवंटित होगी। यदि अभ्यर्थी किसी दूसरी सीट पर बैठा मिला तो उसका अभ्यर्थन रद्द कर दिया जाएगा। अभ्यर्थी को वेबसाइट से डाउन लोड प्रवेश पत्र, प्रशिक्षण योग्यता के मूल प्रमाण पत्र अपने साथ लाने हैं। उत्तर प्रपत्र की मूल प्रति तथा एक कार्बन कापी कक्ष निरीक्षक के पास जमा होनी है। एक कार्बन कापी अभ्यर्थी अपने साथ ले जा सकता है। प्राइमरी परीक्षा का समय सुबह 10 बजे से 12.30 बजे और अपर प्राइमरी परीक्षा का समय दोपहर बाद ढाई बजे से पांच बजे तक होगी।