-देश विरोधी गतिविधियों में शामिल सात आरोपियों की अब तक हो चुकी गिरफ्तारी
-सऊदी अरब में बैठा आकिब और आजाद को पकड़ा जाना रह गया बाकी
संवाद न्यूज एजेंसी
नांगल सोती (बिजनौर)। देश विरोधी गतिविधियों में शामिल एक और आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस आतंकी कनेक्शन में अब तक सात आरोपियों को पकड़ा जा चुका है। हालांकि सऊदी में बैठे मेरठ के आकिब और बिजनौर के आजाद की गिरफ्तारी होना बाकी है। इनके खिलाफ लुकआउट नोटिस भी जारी हो रखा है।
मंगलवार को नांगल सोती पुलिस ने गांव जालपुर निवासी सुहैल को गिरफ्तार कर चालान किया। अदालत ने आरोपी को जेल भेज दिया है। बता दें कि नवंबर में मेरठ के गांव सठला निवासी आकिब ने इंस्टाग्राम के जरिए वीडियो कॉल की। इस कॉल में मैजुल भी जुड़ा हुआ था, जिसमें आकिब ने एके 47 और हैंड ग्रेनेड का प्रदर्शन किया था। इस वीडियो के वायरल होने के बाद 23 नवंबर को नांगल थाने में मामला दर्ज हुआ था। बाद में पश्चिमी यूपी में एटीएस सक्रिय हुई तो उक्त असलहा प्रदर्शन वाली वीडियो को आतंकी कनेक्शन से जोड़ा गया। एटीएस के खुलासे के बाद बिजनौर पुलिस फिर से सक्रिय हुई थी।
जिसके बाद पुलिस ने मेरठ के संदिग्ध आकिब से जुड़े हुए उवैद मलिक निवासी टांडामाईदास थाना नगीना देहात, जलाल हैदर और समीर, दक्षिण अफ्रीका में रहने वाले बिजनौर के मैजुल को भारत लौटते ही दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया गया था। इनके बाद जुल्फिकार उर्फ राका निवासी साहबपुरा रतन थाना किरतपुर और आरिफ मलिक निवासी खाईखेड़ी नजीबाबाद को पकड़ा था। इस मामले में अब सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।