बढ़ापुर। बढ़ापुर-नगीना मार्ग पर ग्राम इस्लामाबाद चौराहे के निकट ट्रैक्टर की चपेट में आकर क्षेत्र के ग्राम इस्माईलपुर दमी उर्फ नकीपुर निवासी बाइक सवार टैंट कारोबारी हरविंदर सिंह (35) पुत्र जसवंत सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के विरोध में परिजनों और ग्रामीणों ने बढ़ापुर-नगीना मार्ग पर शव रखकर जाम लगा दिया।
बुधवार शाम अपराह्न करीब साढ़े चार बजे हरविंदर सिंह बाइक से नगीना से अपने गांव इस्लामाबाद की ओर आ रहा था। इस्लामाबाद चौराहे पर सामने से आ रहे ट्रैक्टर ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में हरविंदर सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर वहां से भाग गया। सूचना पर घटना स्थल पर पहुंचे मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने शव इस्लामाबाद चौराहे पर रखकर बढ़ापुर-नगीना मार्ग पर जाम लगा दिया। हरविंदर गांव में टैंट का कारोबार करता था।
उसके तीन पुत्र हैं। जाम लगने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीण आरोपी ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।