गुलदार के हमले से इस साल यह 16वीं मौत
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़ (बिजनौर)। गांव माननगर शाहपुरजमाल मार्ग पर गुलदार ने बृहस्पतिवार की शाम दुकान से सामान लेकर लौट रहे एक बालक पर हमला कर दिया। धामपुर के निजी अस्पताल में बच्चे की मौत हो गई। गुलदार के हमले से इस साल यह 16वीं मौत है।
शाहपुरजमाल निवासी संजय परिवार के साथ माननगर के समीप रहते है। बृहस्पतिवार की शाम उनका 10 वर्षीय पुत्र नैतिक उर्फ नन्हू गांव में सड़क पार स्थित एक परचून की दुकान से सामान खरीदने के लिए गया था। लौटते समय गुलदार ने उसपर हमला कर दिया और उठाकर ले जाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने शोर मचाया तो गुलदार बच्चे को छोड़कर जंगल में भाग गया।
परिजन जख्मी हालत में बच्चे को भूतपुरी स्थित निजी चिकित्सक के यहां ले गए। चिकित्सक ने बच्चे की गम्भीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे धामपुर के अस्पताल में ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। ग्रामीण वीर सिंह, अनिल कुमार, तिरमल सिंह, नोबहार सिंह, हुकम सिंह, उत्तम सिंह जितेन्द्र व महीपाल आदि का कहना है कि सूचना पर न तो एम्बुलेंस ही मौके पर पहुंची और न ही वन विभाग की टीम। ग्रामीणों ने वन विभाग की उदासीनता पर रोष जताया।
ग्रामीणों ने किया जाम लगाने का प्रयास
गुलदार के हमले से बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा
संवाद न्यूज एजेंसी
अफजलगढ़ (बिजनौर)। गुलदार के हमले से बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। ग्रामीण परिजनों के साथ बच्चे के शव को लेकर गांव पहुंच गए। हाईवे पर जाम लगाने का प्रयास किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीण और परिजनों को किसी तरह समझाया। काफी देर बाद ग्रामीण हाईवे से हटे। ग्रामीणों का आरोप है कि पहले भी गुलदार ने हमले कर कई लोगों की जान ली है। गुलदार दिखने की शिकायतें लगातार की जा रही है इसके बावजूद पिंजरे नहीं लगाए जा रहे। जहां पिंजरे लगे भी हैं, उनमें चार नहीं बांधा जा रहा। वन विभाग के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली।
फिर बढ़े हमले
इस साल अब तक गुलदार 16 लोगों की जान ले चुका है। सबसे ज्यादा हमले नगीना और अमानगढ़ रेंज क्षेत्र में हुए हैं। इसके अलावा हम लोग की बात करें तो 100 से ज्यादा लोग इस साल में गुलदार के हमले में घायल हो चुके हैं। वन विभाग ने तमाम प्रयास के बाद छोटे बड़े करीब 35 गुलदार इस साल पकड़े हैं। इतनी बड़ी संख्या में गुलदार पकड़े जाने के बावजूद भी हमले काम नहीं हो रहे।
अफजलगढ़ क्षेत्र में गुलदार के हमले में बच्चों की मौत के बाद जमा भीड़ और पुलिस