परिवहन विभाग के अधिकारी सहित दस कोरोना संक्रमित
बिजनौर। परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी सहित दस और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि 2099 लोगों की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई। अब कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 3580 हो गई है। इनमें से अब तक 3397 मरीजों ने जंग जीती है। अब तक करीब 53 मरीजों ने कोरोना से दम तोड़ा है। वर्तमान में सक्रिय मामले 130 रह गए हैं।
जिले में बृहस्पतिवार को दस और लोगों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई, जबकि 2099 की जांच रिपोर्ट नगेटिव आई। सीएमओ डा. विजय कुमार यादव ने बताया कि बृहस्पतिवार को परिवहन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी, जिला अस्पताल की एक चिकित्सक, नई बस्ती, बिजनौर नगर, पंचवटी कालोनी नई बस्ती के एक ही परिवार के चार, ईदगाह रोड मोहल्ला जुलाहान, गांव रशीदपुर गढ़ी से एक-एक मरीज की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आई।
सीएमओ के अनुसार अब तक जिले से कुल एक लाख 89 हजार 109 सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं। इनमें से 3580 लोग कोरोना पॉजिटिव और लगभग एक लाख 82 हजार 971 जांच रिपोर्ट नेगेटिव आ चुकी हैं। अब तक लगभग 3397 मरीजों ने बेहतर रोग प्रतिरोधक क्षमता के बल पर कोरोना से जंग जीती है। वर्तमान में 2558 जांच रिपोर्ट अभी लंबित हैं। अब तक कोरोना से कुल 53 लोगों की मौत हुई हैं।