नजीबाबाद के प्रेमपुरी में बिजली गिरने से युवक की मौत का घटना स्थल देखते ग्रामीण।
- फोटो : NAZIBABAD
बिजली गिरने से किशोर की मौत, एक बच्चा झुलसा
भागूवाला/नजीबाबाद (बिजनौर)। बिजली गिरने से एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका नौ वर्षीय छोटा भाई झुलस गया। घटना से परिजनों में कोहराम मचा है। एसडीएम ने लेखपाल से घटना की रिपोर्ट मांगी है।
थाना नहटौर के गांव नौरंगपुर निवासी भूदेव सिंह पत्नी और तीन बच्चों के साथ कुछ दिनों पूर्व ही अपनी ससुराल भागूवाला क्षेत्र के गांव प्रेमपुरी में आए हैं। वह मंगलवार को अपने 15 वर्षीय बेटे आदित्य और नौ वर्षीय बेटे आवेश को साथ लेकर खेतों पर काम करने गए थे। भूदेव दोनों बेटों को खेत पर बनी एक झोपड़ी में बैठाकर काम कर रहे थे। सुबह करीब नौ बजे बादलों की गर्जन के साथ बिजली झोपड़ी पर गिरी, जिसमें आदित्य की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई आवेश बुरी तरह से झुलस गया। परिजनों ने आवेश को अस्पताल में उपचार दिलाकर उसकी जान बचाई। उधर, एसडीएम विजय वर्धन तोमर ने प्रेमपुरी में बिजली गिरने की घटना के संबंध में लेखपाल से रिपोर्ट मांगी है।