-12 दिन पहले भी बुखार से मोहनपुर चांदा नंगली में हो चुकी है महिला की मौत
-गांव के काफी लोग बुखार की चपेट में, प्लेटलेट्स कम होने की समस्या
संवाद न्यूज एजेंसी
हल्दौर। क्षेत्र के गांव मोहनपुर चांदा नंगली निवासी एक किशोर की बुखार से मौत हो गई, जिससे गांव में दहशत का माहौल है। इसके अलावा गांव के काफी लोग की बुखार की चपेट में हैं। प्लेटलेट्स कम होने पर मरीजों का निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम शिविर लगाकर बुखार के अन्य रोगियों की जांच कर रही है।
गांव मोहनपुर चांदा नंगली निवासी जतिन कुमार (15) पुत्र चंद्रप्रकाश प्रजापति नांगलजट जनता इंटर कॉलेज में कक्षा 11 का छात्र था। जतिन कुमार करीब पांच दिनों से बुखार से पीड़ित था। बुखार ठीक नहीं होने पर परिजनों ने उसे नहटौर, बिजनौर में भर्ती कराया था। परिजन उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जौलीग्रांट ले गए, जहां उपचार के दौरान मंगलवार देर रात उसकी मौत हो गई। वहीं 12 दिन पहले मृतक के परिवार की चाची पूजा पत्नी सुभाष की भी बिजनौर के निजी अस्पताल में मौत हो चुकी है। गांव में बुखार से दो मौत होने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
ग्रामीणों का आरोप है कि आबादी के निकट वाल्मीकि बस्ती स्थित तालाब की गंदगी से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे लोग बुखार की चपेट में आ रहे हैं। गांव में मधुर आर्य, दिवाकर चौधरी समरपाल, सोनाक्षी प्रजापति, आदेश, वकील अहमद, फरमान, आदिल, परी आदि काे बुखार होने से उनका निजी अस्पतालों में इलाज चल रहा है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. जितेंद्र कुमार का कहना है कि मृतक के परिजन उसका शव अंतिम संस्कार के लिए ले गए हैं, जिससे उसकी मेडिकल रिपोर्ट नहीं मिली है। गांव में शिविर लगाया गया है।