संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। बीएसए बदायूं के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिक्षक-शिक्षिकाओं ने बुधवार को कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। जहां संगठन की ओर से मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा गया।
प्रांतीय संगठन के आह्वान पर जनपद बदायूं के जिलाध्यक्ष संजीव शर्मा को अकारण निलंबित करने के विरोध में शिक्षकों द्वारा बीएसए बदायूं के खिलाफ कलक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन किया गया। जहां जिलाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार चौहान, जिला मंत्री प्रशांत सिंह, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र कुमार के नेतृत्व में शिक्षकों ने कलक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। जिसमें बदायूं बीएसए के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की मांग की गई। कहा गया कि बीएसए बदायूं के खिलाफ कार्यवाही नहीं की गई, तो 20 सितंबर से प्रदेशभर के शिक्षक बदायूं बीएसए कार्यालय पर अनिश्चितकालीन धरना देंगे। जिसको लेकर जिलाध्यक्ष भूपेंद्र कुमार चौहान ने शिक्षकों से 20 सितंबर को बदायूं चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर प्रदीप कुमार शर्मा, सुहेल अख्तर बेग, मोहम्मद जावेद, अरविंद चौधरी, धर्म सिंह, गर्वित चौधरी, नितिन चौहान, तरनजीत कौर मलिक, गीता रानी, संजुला सिंह, लता चौधरी, मनोरमा रानी आदि उपस्थित रहे।