बिजनौर। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से एएन इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने छात्राओं, स्कूल स्टाफ को साइबर अपराध से बचने का तरीका बताया। उन्होंने कहा कि अनजान एप को डाउनलोड न करें। अगर कोई अनजान आप से फोन पर ओटीपी मांगे तो उसे देना नहीं है। उन्होंने छात्राओं से बताया कि अगर वह कहीं असुरक्षित स्थान पर फंस जाते हैं, तो तुरंत हेल्पलाइन पर फोन करें। पुलिस आपकी सुरक्षा को तुरंत पहुंचेगी।
एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने छात्राओं से वाहन चलाते हुए हेलमेट पहनें, खुद ही नहीं बल्कि परिवार में पिता, भाई और अन्य परिजनों को हेलमेट लगाने को प्रेरित करने के लिए कहा। कहा कि जीवन की सुरक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अभी पढ़ने की उम्र है। सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखें। मोबाइल फोन का प्रयोग एक सीमा तक ही करें। मोबाइल खोजने की जगह उसे पुस्तक में देखे। लगन और मेहनत से पढ़ाई करें और अच्छे अंक प्राप्त कर सफल बनें। कहा कि जॉब करें या कारोबार करें, पढ़ना जरूरी है।
कहा कि सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें। स्वावलंबी बनने के लिए शिक्षा बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से सवाल किए और छात्राओं के सवालों के उत्तर देते हुए समझाया। छात्रा पलक डबास, खुशी ने साइबर क्राइम पर सवाल किए। उन्होंने कहा कि हमारी सतर्कता ही इसे रोक सकती है। कहा कि साइबर क्राइम से जुड़े लोग फोन करके अपना बनकर विभिन्न ठगी कर रहे हैं। हम अपनी पर्सनल जानकारी किसी को न दें। कहा कि किसी की साथ घटना हो जाए, तो संबंधित थाने को सूचना जरूर करें।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका कविता चौहान ने किया। इस अवसर प्रधानाचार्य मेहराज अहमद, राहुल डबास आदि उपस्थित रहे।
- ये हैं हेल्पलाइन नंबर
एएसपी सिटी संजीव वाजपेयी ने छात्राओं को हेल्प लाइन नंबर 1090, 181, 112 आदि के बारे में जानकारी दी। कहा कि कोई दिक्कत है तो वह इन नंबरों को डायल कर पुलिस से मदद ले सकते हैं।