नगीना। अमेरिका द्वारा भारत से निर्यात होने वाली अधिकतर वस्तुओं पर लगाए गए 50 प्रतिशत टैरिफ के लागू होने से नगीना के काष्ठ कला उद्योग को झटका लगा है। टैरिफ के चलते नए आर्डर आने बंद हो गए हैं साथ ही पुराने करीब 50 करोड़ रुपये के ऑर्डर पर भी संकट के बादल छा गए हैं। हालांकि व्यापारियों को भरोसा है कि पुराने ऑर्डर पर लगने वाले नए टैरिफ का नुकसान अमेरिका के व्यापारियों को ही होगा।
नगीना के करीब 300 करोड़ रुपये के सालाना हैंडीक्राफ्ट निर्यात कारोबार पर नजर डालें तो लगभग 200 करोड़ रुपये का कारोबार अकेला अमेरिका से ही होता है। काष्ठ कला उद्यमियों का कहना है कि व्यापार का उतार- चढ़ाव तो चलता रहेगा, लेकिन देश का पक्ष व मान- सम्मान हमेशा ऊंचा रहना चाहिए। व्यापारियों को उम्मीद है कि आने वाले समय में नई कर नीति के बाद वहां के व्यापारी कुछ समय बाद इसे स्वीकार करना शुरू कर देंगे। अभी कुछ माह तक व्यापार की हानि जरूर होगी। व्यापारियों का मानना है की नई टैरिफ नीति का भार अमेरिकी बाजार पर भी पड़ेगा, लेकिन नगीना के निर्यात कारोबार की गति पर बड़ा असर आएगा ।