बिजनौर। नसबंदी परिवार नियोजन को बढ़ावा देने का एक माध्यम है। सरकार भी लोगों को नसबंदी कराने के लिए जागरूक कर रही है। जिसके चलते हर साल जिले में नसंबदी का लक्ष्य बढ़ाया जा रहा है। इस बार महिला नसबंदी का लक्ष्य बढ़ाकर 3200 और पुरुष नसबंदी का लक्ष्य 45 कर दिया गया है।
स्वास्थ्य विभाग सरकारी अस्पतालों में शिविर लगाकर लोगों को नसबंदी के फायदे बताकर जागरूक कर रहा है। शहर से गांव तक महिलाएं नसबंदी करा रही हैं। वहीं पुरुष नसबंदी कराने में महिलाओं से काफी पीछे हैं। जिले में साल 2022-23 में महिला नसबंदी का लक्ष्य 2660 और पुरुष नसबंदी का लक्ष्य 20 था। साल 2023-23 में महिला नसबंदी का लक्ष्य बढ़ाकर 3200 और पुरुष नसबंदी का लक्ष्य 45 कर दिया गया है। इस साल अप्रैल माह से अब तक 884 महिला नसबंदी और 14 पुरुष नसबंदी हो गई हैं। नसबंदी कराने पर महिला को दो हजार रुपये व पुरुष को तीन हजार रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाती है।
इस साल दो नसबंदी हुई फेल
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक जिले में इस साल दो नसबंदी फेल हुई हैं। नहटौर क्षेत्र निवासी एक महिला की नसबंदी फेल हुई है। जबकि जलीलपुर क्षेत्र निवासी महिला की भी नसबंदी फेल होने से मुआवजे के लिए दोनों की फाइल शासन को भेज दी गई है।
शासन की ओर से इस साल महिला और पुरुष नसबंदी का लक्ष्य बढ़ाया गया है। लक्ष्य पूरा करने के लिए विभाग की ओर से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। फेल हुई नसबंदी की फाइल शासन को भेज दी गई है। फाइल पास होते ही लाभार्थियों को मुआवजा दे दिया जाएगा। - राजकुमार वर्मा, अपर शोध अधिकारी, बिजनौर