धामपुर में गुवाहाटी एक्सप्रेस की चपेट में आकर बाइक सवार शिक्षक की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ उमड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि फाटक पार करते समय शिक्षक की लापरवाही रही।
बृहस्पतिवार को रानी बाग कालोनी निवासी शिक्षक राजेंद्र (56) पुत्र रामपाल सिंह बाइक से पढ़ाने के लिए प्राथमिक विद्यालय केसोपुर जा रहे थे। जब वह रायपुर फाटक पर पहुंचे तो उस समय अप व डाउन में दो ट्रेन आ रही थीं।
अप ट्रेन तो गुजर चुकी थी, लेकिन अचानक डाउन में भी ट्रेन आ गई। शिक्षक अप ट्रेन गुजरने पर आनन फानन में फाटक के नीचे से बाइक निकालकर रेलवे लाइन क्रॉस करने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन सिर पर हेलमेट लगे होने के कारण उन्हें अचानक डाउन में आ रही गुवाहाटी एक्सप्रेस ट्रेन दिखाई नहीं दी, न ही इसकी आवाज सुनी।
जिसकी वजह से रेलवे फाटक क्रॉस करते समय वह ट्रेन की चपेट में आ गए। ट्रेन की चपेट में आकर शिक्षक के शरीर के चीथड़े उड़ गए। शव दो सौ मीटर दूरी पर जाकर पड़ा मिला, जबकि बाइक कई फुट ऊपर हवा में उड़कर दूर जाकर गिरी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। हादसे से मृतक शिक्षक के परिवार में कोहराम मचा है। देर शाम तक शिक्षक का शव पीएम होकर घर पर नहीं पहुंचा था।