निराश्रित गोवंश को आश्रय स्थल पर पहुंचाएं
बिजनौर। डीएम रमाकांत पांडेय ने गोवंश संरक्षण और आश्रय स्थल संबंधित बैठक में अधिकारियों को ग्रामीण तथा शहरी क्षेत्र में निराश्रित गोवंश के घूमने की सूचना मिलने पर तुरंत आश्रय स्थल पहुंचाने तथा उसके चारे-पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने सभी बीडीओ एवं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को निर्देश दिए कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र में जहां पर भी निराश्रित गोवंश पाया जाए, उसे आश्रय प्रदान कराया जाए तथा उसके लिए समुचित चारा व पानी व्यवस्था की जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि छाछड़ी मोड़ स्थित गोवंश आश्रय स्थल में 230 गोवंशों के रहने की क्षमता है लेकिन उसमें 450 गोवंश मौजूद हैं, इसलिए उसमें और अधिक गोवंश को न रखें। दूसरे आश्रय स्थल में व्यवस्था करें।
बैठक में सीडीओ कामता प्रसाद सिंह, संयुक्त निदेश स्वास्थ्य डा. अनिल कुमार, परियोजना निदेशक डीआरडीए आरके श्रीवास्तव, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डा. भूपेंद्र कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।