सभी पशुओं की कराई जाए टैगिंग : डीएम
बिजनौर। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने बुधवार को बेसहारा पशुओं के संरक्षण एवं पशु गणना के संबंध में जूम ऐप पर मीटिंग ली और संबंधित अफसरों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि सभी पशुओं की शत-प्रतिशत टैगिंग की जाएं। पशुपालन विभाग की ओर से घूम रहे बेसहारा पशुओं की गणना कराई जा रही है। गणना के अनुसार सभी ब्लाकों में 2717 बेसहरा गोवंश घूम रहे हैं।
कहा कि गो-संरक्षण में अनुकरणीय कार्य करने वालों को पुरस्कृत व सम्मानित किया जाए। फसलों का नुकसान राष्ट्रीय हानि के समान है। जिला प्रशासन व पुलिस गोवंश के संरक्षण के प्रति कृत संकल्पित है। कहा कि जिला पंचायत की जो गोशालाएं अभी क्रियाशील नहीं हैं उनको पुन: क्रियाशील किया जाए। पशु को छुट्टा छोड़ने वालों के विरुद्ध पशु क्रूरता अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। सभी थानाध्यक्षों से कहा कि वह भी गोशालाओं का निरीक्षण करें तथा कहीं अगर कमी मिलती है, तो उसको तत्काल सूचित करें।
बताया कि प्रत्येक रविवार को पशुगणना का कार्य कराया जाएगा, जिसमें पंचायत सहायक, राजस्व विभाग के कर्मी, विकास विभाग के कर्मी, बीट पुलिस कर्मी व अन्य संबंधित कर्मियों को लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक दिनेश सिंह ने कहा कि पशु गणना के समय कितने पशु हैं, कितनों का टैगिंग हुई है या नहीं, इसकी जानकारी भी ली जाए। इसको अभिलेखों में अंकन किया जाए।