हल्दौर मे गुदडी के मेले में गिरा झूला स्रोत वीडियो ग्रैब
हल्दौर। पोखर बाजार में संचालित एक मेले में बड़ा हादसा हो गया। मेले की समय सीमा समाप्त होने के बावजूद यह चल रहा था। यहां एक झूले का केबिन टूटकर नीचे गिर गया, जिससे अफरातफरी मच गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
नगरवासियों के अनुसार, इस हादसे में दो लोग मामूली रूप से घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत प्राथमिक उपचार दिया गया। मेले में झूले, खेल खिलौने और अन्य दुकानें संचालित थीं। झूले का केबिन बृहस्पतिवार की शाम को टूटा बताया जा रहा है। हादसे के बाद मेले में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में झूले के केबिन को टूटकर गिरते देखा जा सकता है। यह घटना मेले में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रही है। नगरवासियों ने मेले की समय सीमा समाप्त होने के बाद भी संचालन पर चिंता जताई है। उन्होंने प्रशासन से ऐसे आयोजनों की सुरक्षा जांच सुनिश्चित करने की मांग की है।
सीओ सिटी अभय पांडे ने बताया कि मामले को दिखवाया जा रहा है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।