बिजनौर, नजीबाबाद। सर्वे ऑफ इंडिया तहसील के 13 गांव में फिर से घरौनी बनाने के लिए ड्रोन उड़ाएगा। तकनीकी खामियों के कारण फिर से ड्रोन से सर्वे कराने का फैसला लिया गया है।
सर्वे आफ इंडिया ने ग्रामीणों को घरौनी उपलब्ध कराने के लिए वर्ष 2021 में ड्रोन से सर्वे कराया था। नजीबाबाद तहसील के कुल 527 गांव में 368 में घरौनी के लिए ड्रोन सर्वे कराया गया। 331 गांव में घरौनी से संबंधित प्रारूप सात से नौ जारी किए जा चुके हैं।
तहसीलदार कमलेश कुमार ने बताया कि तकनीकी कमियों के चलते सर्वे ऑफ इंडिया ने तहसील के 13 गांव में फिर से ड्रोन सर्वे कराने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि सर्वे ऑफ इंडिया से तारीख मिलते ही संबंधित गांवों में ड्रोन से सर्वे कराया जाएगा।
तहसील के जिन गांवों में ड्रोन सर्वे फिर से होना है उनमें बशीरपुर, सैदपुरी, हरेवाली, छितावर, आलमपुर गंगा, जमालपुर खोको, इस्लामपुर साहू, सीकरी, मोमिनपुर दासू, औरंगपुर हृदय, जमालपुर सुल्तान, मदसूदपुर देवीदास और तरीकमपुर दरगों शामिल हैं। उधर, तहसील के शेष गांवों में सर्वे ऑफ इंडिया से नक्शे प्राप्त होने के बाद घरौनी तैयार करने के लिए दूसरे चरण का अभियान किया जाएगा।