फिल्म अभिनेताओं का अपहरण करने के बाद फिरौती वसूलने वाले गिरोह के सरगना लवी पाल उर्फ सुशांत चौधरी पर आरोप लगने का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। अब जेल में बंद एक युवक ने चिट्ठी भेजकर कहा कि लवी पाल गैंग ने उसका भी अपहरण किया था। उस वक्त कार्रवाई नहीं हो सकी, अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वहीं सुनील पाल का अपहरण करने वाले फरार आराेपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
पुलिस अधीक्षक को दिनेश कुमार की ओर से एक शिकायती पत्र दिया गया, जिसमें कहा गया कि उसका भतीजा विवेक एक मामले में जेल में बंद है। मुलाकात के दौरान विवेक ने एक चिट्ठी दी, जिसमें कहा कि जेल के अंदर ही न्यूज़ चैनल पर उसने अभिनेता सुनील पाल के अपहरण के संबंध में खबर देखी है, जिसमें एक ऑडियो भी चल रही है। यह ऑडियो सुशांत चौधरी उर्फ लवी की है। चिट्ठी में बंदी विवेक ने कहा कि लवी पाल उर्फ सुशांत चौधरी का गिरोह लोगों से अपहरण करके पैसे वसूलता है। लवी पाल और उसके साथियों ने उसके साथ भी ऐसा ही किया था, जिस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
इसी चिट्ठी के साथ विवेक की पत्नी आरती सैनी की ओर से भी अक्तूबर में दी गई तहरीर संलग्न की गई है। तहरीर में कहा गया कि उनके चाचा दिनेश कुमार उनके साथ ही रहते हैं, जिन्होंने एक व्यक्ति को 24 लाख रुपए दिए थे, उक्त पैसे वापस नहीं किए गए। इसी मामले को लेकर एक अक्तूबर को विवेक स्कॉर्पियो गाड़ी से नूरपुर जा रहा था, नूरपुर रोड पर इंडियन ढाबे से थोड़ा आगे तीन-चार गाड़ियां आकर उसकी गाड़ी के आगे रुकी। गाड़ी में सवार लोग विवेक का अपहरण करके ले गए। अगले दिन सुबह 3:00 बजे सेंट मैरी स्कूल के पास छोड़ा। उस वक्त दी गई तहरीर पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। अब मामले में एसपी सिटी ने सीओ सिटी को जांच सौंपी है।