बिजनौर/गजरौला शिव। परिषदीय विद्यालयों का ग्रीष्मावकाश पूरा हो गया। मंगलवार को स्कूलों में पढ़ाई के लिए छात्र-छात्राएं पहुंची। कई जगह स्कूलों में शिक्षकों ने विद्यार्थियों का टीका, पुष्प देकर स्वागत किया। परंतु छुट्टी के बाद पहले दिन छात्रों की संख्या कम रही। तेज धूप व गर्मी का असर दिखाई दिया। स्कूल खुलने के साथ शिक्षकों ने स्कूल चलो अभियान भी फिर से आरंभ कर दिया है। शिक्षकों ने गांव में जाकर अभिभावकों से संपर्क किया और स्कूलों के उपलब्धियां बताकर बच्चों का सरकारी स्कूल में प्रवेश दिलाने को प्रेरित किया।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय जमालपुर पठानी की इंचार्ज अध्यापिका नीतू चौधरी ने बताया कि प्रथम नामांकन दिवस में 106 विद्यार्थियों में मात्र 12 विद्यार्थी ही विद्यालय पहुंचे। शिक्षिका ने बताया कि विद्यार्थियों को अवकाश घोषित होने से पहले होम वर्क दिया था। जो विद्यार्थी स्कूल पहुंचे, उनका होमवर्क की जांच की। इस दौरान शिक्षिका अलका देवी, बृजबाला, शबीना तरन्नुम, वर्षा चौधरी एवं सोमपाल सिंह आदि उपस्थित रहे। काफी विद्यार्थी स्कूल छुट्टी में नाना-नानी व अन्य स्थानों पर घूमने गए। सुल्तानपुर टप्पा नांगल के पूर्व माध्यमिक विद्यालय की मुख्य अध्यापिका दुर्गेश रानी ने बताया कि उन्होंने विद्यार्थियों को फूल व टॉफी देकर स्वागत किया। उधर बीएसए सचिन कसाना ने बताया कि स्कूल खुल गए हैं। स्कूलों में रोजाना विद्यार्थियों की उपस्थिति शतप्रतिशत रखने के शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं।