गन्ना सुरक्षण : छह चीनी मिलें मांग रही और गन्ना क्रय केंद्र
बिजनौर । चालू गन्ना पेराई सत्र के लिए लखनऊ में गन्ना सुरक्षण की बैठक का दौर शुरू हो गया है। अभी मुरादाबाद मंडल और बिजनौर का नंबर नहीं आया है, लेकिन जिले के गन्ना विभाग व चीनी मिलों के अधिकारियों ने लखनऊ में डेरा डाल दिया है। इस बार जनपद की छह चीनी मिलों ने और क्रय केंद्र मांगे हैं। गन्ना उत्पादन कम होने से गन्ने की मांग बढ़ती दिखाई दे रही है।
जनपद में छह चीनी मिलों ने अपना पेराई सत्र का शुभारंभ कर दिया है। अभी तीन चीनी मिलों का पेराई सत्र शुरू होना है। इस बार जनपद में लगभग सवा दो लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में गन्ना फसल उत्पादित है। जनपद में सभी चीनी मिलों के 761 गन्ना क्रय केंद्र संचालित हैं। गन्ना विभाग द्वारा चीनी मिलों ने गन्ना सुरक्षण के लिए प्रस्ताव मांग थे। जनपद की बिजनौर चीनी मिल, धामपुर चीनी मिल, स्योहारा चीनी मिल, बिलाई चीनी मिल, चांदपुर चीनी मिल, बरकातपुर चीनी मिल ने और क्रय केंद्रों की मांग करते हुए विभाग को प्रस्ताव दिए हैं। वहीं कई गांवों के किसानों द्वारा भी नए क्रय केंद्र लगवाने व कुछ चीनी मिलों के क्रय बदलकर दूसरी चीनी मिलों को करने के प्रस्ताव विभाग को सौंपे हैं। विभाग द्वारा किसानों व चीनी मिलों के प्रस्ताव को लखनऊ में होने वाली गन्ना सुरक्षण की बैठक में सौंपा जाएगा। बैठक में ही इनपर अंतिम निर्णय लिया जाता है।
इन चीनी मिलों ने मांगे यह गन्ना क्रय केंद्र
चीनी मिल क्रय केंद्र संख्या
बिजनौर 12
धामपुर 06
स्योहारा 10
बिलाई 12
चांदपुर 10
बरकातपुर 10
(नोट यह आंकड़े गन्ना विभाग से लिए हुए हैं।)
वर्जन...
किसानों और चीनी मिलों के डिमांड के प्रस्तावों को गन्ना सुरक्षण की बैठक में रखा जाएगा। सभी के प्रस्ताव जमा कर दिए गए हैं।
-पीएन सिंह, जिला गन्ना अधिकारी