-दिल्ली जाने वाले यात्रियों ने बस का घंटों किया इंतजार, मार्ग पर चलाई जा रहीं 22 बसें
फोटो-11,12,13
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। परिवहन विभाग यात्रियों को सुगम यात्रा कराने का दावा कर रहा है, लेकिन बस अड्डे पर यात्रियों को घंटों बस का इंतजार करना पड़ा। बस नहीं मिलने की सबसे ज्यादा परेशानी दिल्ली जाने वाले यात्रियों को हुई।
होली के त्योहार को लेकर परिवहन विभाग ने सभी मार्गों पर दो से 12 मार्च तक बसों के फेरे बढ़ा दिए थे। जिससे होली पर घर आने वाले यात्रियों को परेशानी न हो। रविवार को रोडवेज बस अड्डे पर अलग ही नजारा देखने को मिला। यहां दिल्ली जाने वाले यात्रियों की खूब भीड़ थी, लेकिन बस नहीं मिली। बस के इंतजार में यात्रियों को घंटों खड़े रहना पड़ा। बिजनौर डिपो से दिल्ली मार्ग पर 22 बसों का संचालन किया जा रहा है। होली की वजह से सभी बसों के फेरे बढ़ाकर 44 कर दिए थे।
होली के अवकाश खत्म होने के बाद लोग रविवार को अपने काम पर लौटने लगे। भीड़ बढ़ने से बस की संख्या कम पड़ गई। मेरठ, हरिद्वार, पानीपत, दिल्ली मार्गों पर जाने वाले यात्रियों को बस का इंतजार करना पड़ा। बसों में भीड़ अधिक होने से लोगों को खड़े होकर सफर करना पड़ा।
सुनिए क्या कहते हैं यात्री
यात्री सूर्य प्रकाश ने बताया कि वह नोएडा जा रहा है। बस अड्डे पर उसे खड़े हुए आधे घंटे से ज्यादा हो गया, लेकिन बस नहीं मिली है। एक-दो बस आई हैं, मगर उनमें भीड़ ज्यादा होने से खड़े होने तक की जगह नहीं मिली। यात्री प्रदुमन चौहान का कहना है कि वह बिजनौर का ही रहने वाला है। दिल्ली में नौकरी करता है। होली का अवकाश खत्म होने के बाद वापस जा रहा है। एक घंटे तक दिल्ली की बस नहीं मिली। ऐसे में उन्हें दिल्ली पहुंचने में देरी हो जाएगी।
- वर्जन::
बिजनौर डिपो की सभी बसें निर्धारित मार्गों पर संचालित की जा रही हैं। होली का अवकाश खत्म होने के बाद एक साथ भीड़ निकली है। जिसकी वजह से बस अड्डे पर यात्रियों की अधिक भीड़ रही। सभी यात्रियों को बिना परेशानी के उनकी मंजिल तक पहुंचाया जा रहा है - राजेंद्र शर्मा, बस अड्डा प्रभारी, बिजनौर