जलीलपुर में मुख्य चौराहे पर जाम लगाते श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज के छात्र।
- फोटो : अमर उजाला
जलीलपुर में श्री कृष्ण इंटर कॉलेज के छात्रों ने अवैध वसूली और शिक्षकों के समय पर स्कूल नहीं आने के विरोध में प्रदर्शन किया। छात्रों ने जलीलपुर बाजार के मुख्य चौराहे पर जाम भी लगाया। पुलिस के आश्वासन के बाद छात्रों ने जाम खोला। दूसरी ओर, कॉलेज के प्रधानाचार्य ने छात्रों के आरोपों को गलत बताया है।
श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज जलीलपुर के छात्रों ने अवैध फीस वसूली, शिक्षकों के स्कूल न आने, छात्रों के साथ मारपीट, अभद्र व्यवहार करने आदि मामलों को लेकर कॉलेज में प्रदर्शन किया। छात्र नेता अनमोल सिंह, शमशाद, अंकित, अमरजीत, अनुज गुर्जर, मोहित कुमार, रूपिन कुमार, फरीद खान, मलकीत आदि के नेतृत्व में कॉलेज के छात्रों ने शिक्षण कार्य का बहिष्कार किया। छात्रों ने शिक्षकों पर अवैध फीस वसूली का आरोप लगाया।
छात्र प्रदर्शन करते हुए जलीलपुर के मुख्य बाजार चौराहे पर पहुंचे और रास्ता जाम कर दिया। छात्रों से वार्ता करने के लिए कॉलेज के प्रधानाचार्य भी चौराहे पर पहुंच गए, लेकिन छात्रों ने प्रधानाचार्य की एक नहीं सुनी। सूचना पर पुलिस चौकी इंचार्ज एसआई संदीप पंवार भी पहुंच गए। उन्होंने छात्रों को किसी तरह से समझाया और जाम खुलवाया। छात्रों का कहना था कि कॉलेज प्रशासन को किसी भी सूरत में मनमानी नहीं करने दी जाएगी। कॉलेज में काफी दिनों से छात्रों का उत्पीड़न किया जा रहा है। अब मामले में छात्र चुप नहीं बैठेंगे। दूसरी ओर, कॉलेज के प्रधानाचार्य कुंवर सेन ने छात्रों के आरोपों को बे बुनियाद बताया है। उनका कहना है कि छात्रों से बात कर उनकी समस्या का समाधान कराया जाएगा। इस संबंध में शिक्ष्ाकांे से भी वार्ता की जाएगी। कुछ छात्र कॉलेज का माहौल खराब कर रहे हैं।