कोतवाली देहात। प्राथमिक विद्यालय हसन अलीपुर हीरा में शिक्षकों ने कक्षा दो की छात्रा की पिटाई कर दी। जिससे उसके कान में चोट लग गई है। छात्रा के पिता ने अध्यापकों के विरुद्ध थाने में तहरीर दी है।
थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव हसन अलीपुर हीरा उर्फ हीरा खेमपुर में प्राथमिक विद्यालय है। जिसमें गांव के ही फिरोज खान की पुत्री जिया (8) कक्षा दो में पढ़ती है। आरोप है कि विद्यालय में पढ़ाने वाले शिक्षामित्र अनीता, ब्रजपाल व सोमेंद्र ने छात्रा की पिटाई कर दी। जिससे छात्रा के कान में असहनीय दर्द होने लगा। छात्रा को उपचार के लिए प्राइवेट चिकित्सक के यहां बिजनौर ले जाया गया।
छात्रा के पिता फिरोज खान ने अध्यापकों के विरुद्ध थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की हैं। वहीं शिक्षामित्र बृजपाल का कहना है की छात्रा के कान में पहले से दिक्कत है। पिटाई का आरोप निराधार है। इस संबंध में बीईओ इंद्रजीत सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। जांच कराई जाएगी।