गजरौला शिव। बिजली कटौती को लेकर भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति कार्यकर्ताओं ने जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में विद्युत केंद्र पर धरना दिया। धरना दस बजे से पांच बजे तक चला। यूनियन कार्यकर्ताओं ने ऊर्जा मंत्री को संबोधित सात सूत्रीय ज्ञापन अवर अभियंता को सौंपा।
शुक्रवार को भारतीय किसान यूनियन जनशक्ति के जिलाध्यक्ष चौधरी नरपत सिंह, कोषाध्यक्ष विशेष राजपूत, मीडिया प्रभारी नीरज चाहल, ब्लॉक अध्यक्ष मयंक राजपूत के नेतृत्व में बिगड़ती विद्युत व्यवस्था को लेकर गजरौला शिव उप विद्युत केंद्र पर धरना दिया। धरने पर वक्ताओं ने विद्युत उपभोक्ताओं का उत्पीड़न बंद करने, बिजली बिल समय पर निकालने, 17 घंटे विद्युत आपूर्ति देने आदि मांग की।
किसानों ने कहा कि 17 घंटे के स्थान पर मात्र आठ घंटे ही सप्लाई दी जा रही है। आंदोलित किसान, कार्यकर्ता अधिशासी अभियंता को मौके पर बुलाने मांग करते रहे। मौके पर पहुंचे जेई चंद्र विजय कुमार को सात सूत्रीय ज्ञापन दिया। धरने में संदीप कुमार, मोनू, अंकुर, जग भूषण सिंह, सुबोध, जयपाल सिंह, नीटू सिंह, देवेंद्र सिंह, मनोज आदि किसान मौजूद रहे।