छात्रों ने किया कृषि अनुसंधान का शैक्षिक भ्रमण
बिजनौर। परिषदीय विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रविवार को कृषि विज्ञान व अनुसंधान केंद्र का शैक्षिक भ्रमण किया। वहां वैज्ञानिकों ने छात्र-छात्राओं को अनुसंधान व कृषि क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों के बारे में समझाया।
राष्ट्रीय आविष्कार अभियान में शासन की ओर से निर्धारित एक्स्पोजर विजिट के तहत किरतपुर ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों से चयनित 50 छात्रों ने कृषि विज्ञान एवं अनुसंधान केंद्र नगीना का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. केके सिंह, डॉ. पिंटू कुमार तथा डॉ. शिवांगी ने छात्रों को नवीनतम फसलों के लिए किए गए नवाचारों को दिखाया और समझा। वैज्ञानिकों ने छात्रों को मशरूम उगाने के तरीके विभिन्न फसलों की नवीनतम प्रजातियों से अवगत कराया। साथ ही ड्रैगन फ्रूट तथा स्ट्रॉबेरी को संस्थान में विकसित किए जाने की जानकारी दी गई।
छात्रों व शिक्षकों ने स्ट्राबेरी एवं ड्रैगन फ्रूट के पौधों को आश्चर्य मिश्रित जिज्ञासा के साथ देखा। विभिन्न जानकारियों को अपनी नोटबुक में लिखा। समस्या समाधान सेक्शन में वैज्ञानिकों से प्रश्नोत्तर कर समझा। खंड शिक्षा अधिकारी चरण सिंह के निर्देशन में भ्रमण दल का नेतृत्व आदेशपाल वरिष्ठ एआरपी व अजहर जमाल ने किया। इस दौरान गुलशन गुप्ता, आकांक्षा चौधरी, रूपा चौधरी, अनिल माल्या, आरेंद्र कुमार, संजय कुमार, आनंदपाल, अरुण कुमार, मूलचंद आदि शिक्षक-शिक्षिका उपस्थित रहे।