झगड़ रहे लोगों को लाठी फटकार कर खदेड़ा
नहटौर। मामूली कहासुनी को लेकर गांव में हुए विवाद की शिकायत करने पहुंचे दो पक्ष थाने के बाहर ही आपस में भिड़ गए। जिसमें दो युवक घायल हो गए। पुलिस ने लाठी फटकारते हुए दोनों पक्ष को थाने से खदेड़ा।
गांव फलौदी निवासी वीरेंद्र अपने दो साथियों के साथ गांव सदरूदीनगर में से निकलकर घर जा रहा था। बताया जाता है कि गांव सदरूदीनगर में अपने घर के सामने खड़े शुएब से उनकी कहासुनी हो गई। इसको लेकर मारपीट भी हो गई। मामले की शिकायत को लेकर दोनों पक्ष थाने पहुंच गए। थाने के बाहर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और आपस में भिड़ गए। थाने के बाहर हंगामा होता देख पुलिस ने लाठी फटकारते हुए भीड़ को खदेड़ा। मारपीट में वीरेंद्र व शुएब घायल हो गए। पुलिस ने दोनों पक्ष के जसवीर, शुएब व शारिक, नासिर, साजिद को पकड़कर शांति भंग में चालान कर दिया। दो समुदायों के बीच मामला होने पर पुलिस तैनात कर दी गई है। कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि शांति भंग की कार्रवाई की गई है ।