राजस्थान पुलिस की गाड़ी पर पथराव, तीन महिला गिरफ्तार
अफजलगढ़(बिजनौर)। दस लाख की चोरी में वांछित चल रहे दो आरोपियों की तलाश में रसूलपुर पहुंची राजस्थान पुलिस की गाड़ी पर महिलाओं ने पथराव कर दिया। अफजलगढ़ पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
राजस्थान के जिला दौसा के थाना लालसोट के एएसआई रामचरण सिंह ने बताया कि अफजलगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रसूलपुर निवासी दिलशाद उर्फ टिल्लू और इरशाद पुत्र शमशुद्दीन चोरी के एक मुकदमे में वांछित चल रहे हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए वह अफजलगढ़ थाने से सिपाही नितिन कुमार को साथ लेकर दबिश देने गए थे। इस दौरान आरोपी घर पर नहीं मिले। पुलिस गाड़ी में बैठकर वापस लौटने लगी तो परिवार की महिलाओं ने गाड़ी पर पथराव कर दिया। राजस्थान पुलिस गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि राजस्थान पुलिस के एएसआई की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तीन महिलाओं को गिरफ्तार भी कर लिया है।