जान बचाने की खातिर गुलदार से भिड़ी महिला
नगीना (बिजनौर)। खेत पर काम कर रही 62 वर्षीय महिला पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। हमला होने पर महिला ने गुलदार का डट कर सामना किया और उसे भागने को मजबूर कर दिया। हालांकि संघर्ष में महिला घायल हो गई।
बढ़ापुर थाना क्षेत्र के किशनपुर कुंडा निवासी स्वर्गीय दयाराम सिंह की 62 वर्षीय पत्नी विजयवती रविवार सुबह करीब 8 बजे गांव के पास ही स्थित अपने खेत पर अकेले खाद डालने गई थी। विजयवती ने बताया कि जब वह खेत पर पहुंची ही थी तभी पीछे से एक गुलदार ने उस पर हमलाकर उसे जमीन पर गिरा दिया। विजयवती ने बताया कि उसे गुलदार ने कई बार जमीन पर पटका, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी। उसने हिम्मत दिखाते हुए उसका मुकाबला किया। गुलदार ने उसके हाथ की एक उंगली चबा कर जख्मी कर दी। शरीर पर कई जगह गुलदार के पंजे लगने के कारण वह बुरी तरह जख्मी हो गई और उसने झाड़ियों में छिपकर जान बचाई। बाद में उसके चले जाने के बाद वह घर पहुंची तथा परिजनों को पूरी बात बताई। महिला की बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। गंभीर अवस्था में महिला को नगीना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां उसका चिकित्सकों ने उपचार किया। परिजनों ने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने की मांग की है।