संवाद न्यूज एजेंसी
धामपुर। पीसीएस अफसर आदेश सिंह सागर को 15 दिन पहले ही बिजनौर में तैनाती मिली थी। उन्हें धामपुर में एसडीएम न्यायिक की जिम्मेदारी दी गई, मगर फिरोजाबाद में तैनाती के वक्त किए भ्रष्टाचार ने उनका पीछा नहीं छोड़ा। अब बिजनौर आते ही पीछे पीछे उनका निलंबन आदेश भी शासन ने जारी कर दिया।
उत्तर प्रदेश शासन ने भ्रष्टाचार के आरोप में धामपुर के एसडीएम न्यायिक आदेश सिंह सागर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यहां पर उनकी तैनाती 15 दिन पहले एसडीएम न्यायिक के पद पर हुई थी। बताया गया जब एसडीएम आदेश सिंह सागर फिरोजाबाद में तैनात थे, तब उन्होंने किसी पीड़ित की जमीन का कुछ हिस्सा अपने कंप्यूटर ऑपरेटर के नाम कराते हुए चार लाख रुपए भी ले लिए थे। उसकी जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था।
पीडि़त ने एसडीएम से उस जमीन को खाली करने के लिए प्रार्थना पत्र दिया था। मगर, एसडीएम जमीन को कब्जा मुक्त नहीं करा पाए। बल्कि उसकी जमीन में हिस्सेदारी लेने के साथ रकम ले ली। इसकी पीडि़त की ओर से उच्च स्तर पर अधिकारियों से शिकायत हुई थी।
पीडि़त के संतुष्ट न होने से यह मामला शासन स्तर पर चला गया था। बताया गया कि शासन स्तर पर सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए एसडीएम धामपुर न्यायिक आदेश सिंह सागर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उधर, इस संबंध में एसडीएम आदेश सिंह सागर से बात करने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली।