-जिले में चेकिंग अभियान चलाकर झोलाछाप चिकित्सकों पर लगाएं अंकुश
-स्कूलों के ऊपर से जाने वाली विद्युत लाइनें हटाने के भी दिए गए निर्देश
-फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
बिजनौर। उत्तर प्रदेश विधान परिषद की वित्तीय एवं प्रशासकीय समिति के सभापति डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने कहा कि शासकीय कार्याें के क्रियान्वयन में तेजी लाएं और कोई भी कार्य अनावश्यक रूप से लंबित न रहें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभागीय कार्याें के साथ जन सामान्य की शिकायतों का निस्तारण पूर्ण मानक और समयबद्धता के साथ किया जाए।
कलक्ट्रेट स्थित महात्मा विदुर सभागार में आयोजित बैठक में डॉ. हरि सिंह ढिल्लों ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। डॉ़ हरि सिंह ने जिले के विभिन्न विभागों में जनवरी 2019 से 31 दिसम्बर 2022 के मध्य पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य देयों के भुगतान और किसानों के मुआवजा संबंधित लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने डीपीआरओ को निर्देशित करते हुए कहा कि जिले में रिबोर होने वाले हैंडपम्पों का बेकार सामान सहित डाटा तत्काल उपलब्ध कराएं। साथ ही बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को कहा।
झोलाछाप डॉक्टरों पर अंकुश लगाने के निर्देश
डॉ़ हरि सिंह ने कहा कि जिले में चेकिंग अभियान चलाकर झोलाछाप चिकित्सकों पर अंकुश लगाएं। संचारी रोग पर नियंत्रण के लिए शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव, मच्छर जनित क्षेत्रों में निरंतर एंटी लार्वा छिड़काव एवं फोगिंग नियमित रूप से कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को इंगित किया। उन्होंने आबकारी विभाग को भी अवैध शराब पर निरंतर छापेमारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने समिति को आश्वस्त करते हुए कहा कि समिति द्वारा दिए गए समस्त निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जायेगा। बैठक में समिति सदस्य शाहनवाज खान, रामगोपाल उर्फ गोपाल अंजान, पीएन द्विवेदी, अंगद कुमार सिंह, एसपी नीरज कुमार जादौन, एडीएम प्रशासन विनय कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।
-स्कूलों के ऊपर से हटाएं विद्युत लाइन
डॉ. हरि सिंह ढिल्लो ने विद्युत अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए निरंतर छापेमारी अभियान चलाएं। स्कूलों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों को हटाने के साथ ही जर्जर तारों को बदलने के निर्देश दिए।
-छात्रवृत्ति किसी भी दशा में नहीं रुके
छात्रवृत्ति प्रकरणों की समीक्षा के दौरान जिला समाज कल्याण अधिकारी पर नाराजगी जताई और उन्हें निर्देशित किया कि बच्चों की छात्रवृत्ति किसी भी दशा में न रुके। कहा कि बिना किसी कारण छात्र-छात्राओं को शासन द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली छात्रवृति में किसी भी प्रकार व्यवधान अथवा अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-जांच के उपरांत करें भुगतान
उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि राशन का वितरण पात्रता के आधार पर ही किया जाये। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम से कहा कि जितनी पानी की पाइप लाइनें बिछाई गई हैं, उनकी गुणवत्ता जांचकर सत्यापन के बाद ही ठेकेदार को भुगतान किया जाए।