कोरोना की मार से थमी विकास की रफ्तार
चांदपुर। कोरोना महामारी का जनजीवन के साथ-साथ विकास कार्यों पर भी पड़ा है। महामारी के दौर में मजदूर न मिलने के कारण चांदपुर विधान सभा क्षेत्र में होने वाले विकासकार्य स्वीकृत होने के बाद भी शुरू नहीं हो सके हैं। क्षेत्र में करीब 47 करोड़ की लागत से होने वाले 33 कार्य कोरोना महामारी के चलते शुरू नहीं हो पा रहे हैं।
क्षेत्रीय विधायक कमलेश सैनी के प्रयास से चांदपुर विधान सभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए करीब 33 कार्य स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन कोरोना संक्रमण के कारण इन्हें शुरू नहीं कराया जा सका। 25 करोड़ की लागत से चांदपुर-हल्दौर मार्ग के चौड़ीकरण का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ। मार्ग पर चीनी मिल, कृषि उत्पादन मंडी समिति, प्लाई वुड फैक्टरी, स्कूल आदि स्थित हैं। इसके अलावा ककराला से औरंगाबाद हिलालपुर संपर्क मार्ग, तालिबपुर मार्ग से मिर्जापुर बकैना मार्ग (शहीद) मार्ग, भैंसा अहरौला मार्ग से शिव मंदिर धमेड़ी संपर्क मार्ग, बुंदरा सुंदरा संपर्क मार्ग से भिड़ियाखेड़ा मार्ग, बास्टा सुंदरा मार्ग से बोहरा संपर्क मार्ग, रूकनपुर से बहमनशोरा मार्ग, किरतपुर में देवभूमि स्कूल के सामने से होते हुए आजमपुर संपर्क मार्ग, तौफापुर से छोटा तौफापुर मार्ग, चांदपुर फीना मार्ग से लतीफपुर चुखेड़ी व चुखेड़ी-केलनपुर संपर्क मार्ग, भिडियाखेड़ा से तालिबपुर संपर्क मार्ग, अथाई अहरौला मार्ग से अहरौला वाजिदपुर संपर्क मार्ग, पृथ्वीपुर से नहर के पुल तक आबादी भाग में सीसी व नाली निर्माण, हिलालपुर से कलिक आश्रम मार्ग, मलेशिया से ढाकी शिव मंदिर तक मार्ग आदि नव निर्माण व अनेक सड़कों की मरम्मत कार्य होने हैं।
अधिशासी अभियंता पीडब्लूडी सुनील सागर ने बताया कि चांदपुर विधानसभा क्षेत्र के प्रस्तावित सड़क निर्माण आदि विकास कार्य स्वीकृत हो चुके हैं। कुछ के टेंडर भी हो चुके हैं। कुछ के टेंडर होने हैं। कोरोना महामारी के चलते कार्य प्रभावित हो रहा है। कोरोना लहर में कोरोना कर्फ्यू के चलते लेबर मिलने में परेशानी हो रही है। शीघ्र काम शुरू हो जाएगा।
विधायक कमलेश सैनी ने बताया कि चांदपुर विधान सभा क्षेत्र में करीब 55 काम स्वीकृत कराए जा चुके हैं। जिनमें से कुछ काम पूरे हो चुके हैं। 33 काम का टोकिन भुगतान भी आ चुका है। कोरोना लहर के चलते ठेकेदारों को लेबर मिलने में परेशानी आ रही है। सभी काम शीघ्र पूरे हो जाएंगे।