बिजनौर। करीब 50 करोड़ रुपये की बेशकीमती जमीन और सोतीवाले बाग के मालिक अनिल कुमार सोती (82) की गलाघोंट कर हत्या कर दी गई। बाग के अंदर बने घर में शुक्रवार की सुबह उनका शव पड़ा मिला। चेहरे, गले और हाथ पर चोट के नीले निशान पाए गए। हत्या की इस घटना के पीछे बाग की जमीन का विवाद माना जा रहा है। इस मामले में पुलिस नौकरों और करीबियों से पूछताछ कर रही है। देर रात तक परिजनों की ओर से तहरीर का इंतजार किया जा रहा था। इस मामले में अनिल कुमार सोती के भांजे आलोक शर्मा निवासी दिल्ली ने प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें अनिल कुमार सोती के भतीजे गौरव सोती, शैलेंद्र खन्ना, सुनील खन्ना और नावेद आढ़ती पर हत्या करने का शक जाहिर किया गया।
बिजनौर में मुरादाबाद मार्ग पर 28 बीघे में फैला उनका फार्महाउस और बाग है। बाग परिसर में बने घर में अनिल अकेले ही रहते थे। शुक्रवार की सुबह छह बजे उनका कर्मचारी नौशाद दूध लेकर पहुंचा। उसने दरवाजा खुलवाने के लिए आवाज दी, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं आया। उसने बताया कि जब वह दूसरे दरवाजे पर गया तो वह खुला मिला। अंदर जाकर देखा तो मालिक का शव फर्श पर पड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह, सीओ अभय कुमार पांडेय, थाना प्रभारी अवनीत मान मौके पर फील्ड यूनिट लेकर मौके पर पहुंचे। सोती के दोनों मोबाइल बिस्तर पर रखे मिले। वहीं, चिड़ीमार बंदूक भी तख्त पर रखी मिली।
सोती की जमीन की देखभाल करने वाले मोहसिन ने बताया कि कई दिनों से कुछ लोग उनको जमीन छोड़ने की धमकी दे रहे थे। इस मामले की शिकायत सीएम पोर्टल पर भी की गई थी। बता दें कि अनिल कुमार सोती ने विवाह नहीं किया था। उनके भतीजे गौरव ने कुछ दिनों पहले अपने हिस्से की 14 बीघा जमीन बेचने के लिए करीब 22 करोड़ में एग्रीमेंट किया था। तीन करोड़ रुपये एडवांस लेने की भी चर्चा है। जमीन का बंटवारा नहीं हुआ था। इसे लेकर कोर्ट में भी केस भी चल रहा है। इस केस में शुक्रवार की तारीख लगी थी। अनिल कुमार सोती चार भाइयों में एक थे। इनसे पहले तीन भाइयों की मौत हो चुकी थी।
शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला घोंटकर हत्या किए जाने की बात सामने आई है। अनिल सोती के भतीजे ने अपने हिस्से की जमीन का एग्रीमेंट कर दिया था। सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। आरोपियों को पकड़ने के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है।
-अभय कुमार पांडेय, सीओ सिटी।