बिजनौर के विद्यालय भोजपुर भोपतपुर में सैनिक की माता को सम्मानित करते बीईओ डॉ. प्रभात कुमार।
- फोटो : BIJNOR
सैनिकों के माता-पिता को किया सम्मानित
बिजनौर। उच्च प्राथमिक विद्यालय भोजपुर भोपतपुर में सोमवार को आजादी के अमृत महोत्सव कार्यक्रम के तहत राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के द्वारा भारत माता पूजन एवं स्वतंत्रता सेनानी व सैनिक परिवार सम्मान समारोह को आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डॉ. प्रभात कुमार ने सेनिकों के माता-पिता व पत्नी को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि यह हमारे लिए बड़े सौभाग्य का विषय है कि गांव के दो सपूत राहत अली व रिंकू सिंह सेना में जाकर देश की सीमा की सुरक्षा कर रहे हैं। कार्यक्रम में दोनों सैनिकों के माता-पिता व पत्नी को सम्मानित किया। महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष डॉ. सुमित कुमार बंसल ने असंख्य शहीदों को नमन करते हुए कविता के माध्यम से श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला उपाध्यक्ष जयदीप मलिक ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरे देश में एक लाख से अधिक विद्यालयों में हुआ है। कार्यक्रम में सर्वप्रथम भारत माता व मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन व पुष्पा अर्चन किया गया। ग्राम प्रधान ब्रह्मपाल सिंह की अध्यक्षता में हुए कार्यक्रम में शिक्षिका नैना अग्रवाल, आरती राजपूत का विशेष सहयोग रहा।