बढ़ापुर । ग्राम जगन्नाथपुर मेहरू उर्फ धर्मूवाला में करवा चौथ पर्व मनाने जनपद संभल से आए सिपाही राहुल कुमार (34) की घर में ही करंट लगने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में मातम छा गया। राहुल की पत्नी भी सिपाही हैं और उनकी तैनाती संभल के बहजोई में है।
क्षेत्र के ग्राम जगन्नाथपुर मेहरू उर्फ धर्मूवाला निवासी किसान प्रभु सिंह के पुत्र राहुल कुमार पाल वर्ष 2016 में सिपाही के पद पर पुलिस में भर्ती हुए थे। इस समय उनकी तैनाती जनपद संभल के थाना बहजोई में डायल 112 पर थी। राहुल कुमार पाल की पत्नी वर्षा रानी भी सिपाही हैं। उनकी तैनाती भी थाना बहजोई में ही है। 25 अक्तूबर को पति पत्नी दोनों करवा चौथ का पर्व मनाने घर आए थे। त्योहार को लेकर घर पर बिजली का कार्य भी चल रहा है। शनिवार को घर में पड़े बिजली के तार में उतरे करंट की चपेट में आकर राहुल बेहोश हो गए। उपचार के लिए परिजन उनको नगीना के एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए, जहां चिकित्सक ने राहुल कुमार को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर बढ़ापुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सिपाही राहुल की मौत से गांव में भी शोक छा गया। सिपाही के एक पुत्र व एक पुत्री है। राहुल के दो छोटे भाई बाहर रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं, दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है। सीओ राजेश सोलंकी ने बताया कि मामले की जांच कराई गई है। प्रथम दृष्टया करंट से मौत का मामला सामने आया है।