नजीबाबाद डिपो पर लूट की घटना के पीड़ित चालक और परिचालक।
बृहस्पतिवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
नजीबाबाद (बिजनौर)। बाइक सवार बदमाशों ने नजीबाबाद रोडवेज डिपो के बाहर मेरठ के सोहराबगेट डिपो के परिचालक से लूट की। बदमाश थैले के साथ 45 हजार रुपये और टिकट मशीन लूट कर फरार हो गए।
मेरठ के सोहराबगेट डिपो की बस कोटद्वार से मेरठ जा रही थी। बृहस्पतिवार की रात करीब 12:45 बजे नजीबाबाद रोडवेज डिपो पहुंची। डिपो के बाहर परिचालक सुनील कुमार यात्रियों का इंतजार कर रहा था। चालक सुभाष उसके नजदीक खड़ा था।
इसी दौरान स्टेशन दिशा से आए दो बाइक सवार बदमाशों ने कंधे पर रखा थैला परिचालक से लूट लिया और जलालाबाद दिशा की ओर भाग गए। शोर मचाने पर 112 बाइक और वाहन सवार पुलिस कर्मियों ने बदमाशों का पीछा किया। जलालाबाद फ्लाईओवर क्षेत्र में बाइक सवार बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गए।
सूचना मिलने पर सीओ देश दीपक सिंह, थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह पुंडीर पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। परिचालक ने 41 हजार रुपये का सरकारी, चार हजार रुपये निजी कैश और टिकट मशीन का थैला लूट कर ले जाने की जानकारी दी। उधर, थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह पुंडीर ने घटना पर संदेश व्यक्त किया है।
सोहराब गेट डिपो की बस से संबंधित मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी कैमरे चेक किया जा रहे हैं। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा। - देश दीपक सिंह, सीओ नजीबाबाद