बिजनौर। बिजनौर और मुजफ्फरनगर में अलग अलग जगहों पर सड़कों के किनारे खड़े ट्रक सोमवार को रवाना कर दिए गए। दरअसल दो दिनों से इन दोनों ही जिलो में छह हजार ट्रकों की कतार लगी थी। अब ट्रकों को रवाना किया गया तो बिजनौर बैराज मार्ग पर वाहनों की कतार लगी रही।
बृहस्पतिवार तक ट्रैफिक डायवर्जन में ढील रहेगी। इसके बाद शुक्रवार को फिर से डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा जोकि सावन माह के चौथे सोमवार तक रहेगा। अब तीसरे सोमवार को दिन में तीन बजे ट्रकों को रवाना कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि काशीपुर और मुरादाबाद की ओर से मुजफ्फरनगर की तरफ जाने वाले ट्रकों को बिजनौर में अलग अलग जगह रोक कर रखा गया था। पिछले दो दिनों से ट्रक रोक कर रखे गए थे। ऐसे में बिजनौर की सड़कों के किनारे करीब 1500 ट्रक खड़े हो गए थे। उधर बिजनौर की तरफ वाले करीब 4500 ट्रक मुजफ्फरनगर की सीमा में खड़े थे। बिजनौर से ट्रक मुजफ्फरनगर की ओर रवाना हुए तो उधर से मुजफ्फरनगर पुलिस ने भी अपने यहां खड़े ट्रकों को रवाना कर दिया। ऐसे में बिजनौर बैराज मार्ग और बिजनौर की चक्कर रोड पर वाहनों का दबाव रहा। धीमी गति में वाहन आगे बढ़ते हुए नजर आए।