बिजनौर। स्वास्थ्य विभाग अवैध रूप से संचालित अस्पतालों को लेकर सख्ती बरत रहा है। सोमवार को नोडल अधिकारी ने अवैध रूप से संचालित छह नर्सिंग होम सील कर दिए। कागजात नहीं दिखाने पर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
नोडल अधिकारी डॉ. अनिल सिंह ने सोमवार को हल्दौर में रिटायर्ड एएनएम उषा के क्लीनिक को सील कर दिया। यहां रविवार को एक जच्चा-बच्चा की मौत हो गई थी। इसके अलावा फुलसंदा में एक घर में डिलीवरी केंद्र बना हुआ था। जबकि बाहर वजन कम करने का बोर्ड लगा था। वहीं हल्दौर में मैक्स चाइल्ड केयर, खालसा नर्सिंग होम, कृष्णा हेल्थकेयर, अशोक शर्मा के चिकित्सालय को सील कर दिया।
डॉ. अनिल सिंह ने बताया कि अशोक शर्मा ने अपने को बीयूएमएस बता रहा था। लेकिन इनके यहां बच्चों को भर्ती करने की मशीन थी। लेकिन बीयूएमएस को यह मशीन रखने का नियम नहीं है। निरीक्षण के दौरान नर्सिंग होम संचालक फरार हो गए। साथ ही कोई कागजात नहीं दिखा पाए। यहां कोई प्रशिक्षित चिकित्सक भी नहीं मिला। जिसके बाद इन नर्सिंगहोम को सील कर दिया गया। नर्सिंगहोम संचालकों को नोटिस भेजा जाएगा। अगर वह कागजात नहीं दिखाते हैं तो उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
वर्जन : अप्रशिक्षित चिकित्सकों की लापरवाही से मरीजों की जान चली जाती है। इसको लेकर अवैध नर्सिंग होम के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी। - डॉ. कौशलेंद्र सिंह, सीएमओ, बिजनौर