- मोहल्ला कायस्थान के लोगों ने की पालिका से कुत्तों का पकड़वाने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
शेरकोट। नगर में खुंखार कुत्तों के आतंक से लोगों में दहशत है। दो दिन में कुत्तों ने हमला कर छह बालकों को जख्मी कर दिया। लोगों ने पालिका के अधिकारियों को कुत्तों को पकड़वाकर बाहर छुड़वाने की मांग की है। हमले में जख्मी हुए बच्चों का निजी अस्पतालों में उपचार कराया जा रहा है।
मोहल्ला कायस्थान निवासी शब्बू ने बतायाा कि उनका पुत्र जकरिया (08) रविवार को मोहल्ले में दुकान से सामान लेने जा रहा था तो रास्ते में खड़े कुत्तों में से एक ने उसके ऊपर हमला कर दिया। मोहल्ला काजियान निवासी अफजाल अहमद ने बताया कि उसका सात वर्षीय पुत्र हम्माद घर के बाहर सड़क पर खड़ा था। इस दौरान कुत्तों ने उसके ऊपर हमला कर दिया। मोहल्ला कायस्थान निवासी मोहम्मद शफी ने बताया कि आवारा कुत्तों ने शनिवार शाम उसके चार पुत्रों नवरा (08), उत्तरी (09), सुल्तान (10), शाहबाज (11) पर हमला कर दिया। जिससे चारों पुत्र जख्मी हो गए। फहीम ने बताया कि जब उसका सात वर्षीय पुत्र हम्माद मदरसे में पढ़ने जा रहा था तो कुत्तों ने हमला कर दिया। जिसमें वह जख्मी हो गया। नगर के करन सिंह, मितान सिंह, अचल चौहान आदि का कहना है कि नगर के कुछ मुहल्लों में जो मीट की दुकानें चल रही हैं, वह दुकानदार अवशेष मीट को दफन करने के स्थान पर सड़क पर फेंक रहे हैं। जिसे खाकर कुत्ते खुंखार हो रहे हैं। पालिका के ईओ का कहना है कि लोगों को इस समस्या से निजात दिलाने का प्रयास किया जाएगा।