बिजनौर। जिले में मतदाता सूची को शुद्ध करने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अब तक 1.65 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम हटाए जा चुके हैं। यह सुधार कार्य एसआईआर सर्वे के माध्यम से किया जा रहा है, जिसमें लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को त्रुटिहीन बनाना और यह सुनिश्चित करना है कि हर योग्य नागरिक का नाम सूची में शामिल हो। साथ ही अपात्र नामों को हटाया जा सके।
मंलवार सुबह तक हुए सर्वे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां हाथ लगी हैं। सबसे चिंताजनक बात यह है कि 13 हजार ऐसे मतदाता मिले हैं, जिनके नाम दो अलग-अलग स्थानों पर दर्ज थे। ऐसे मतदाताओं के नामों को तुरंत सूची से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके अतिरिक्त, 45 हजार ऐसे नामों की पहचान की गई है जो मृत घोषित हो चुके हैं, लेकिन अभी भी मतदाता सूची में शामिल थे। दस हजार ऐसे मतदाता भी मिले, जो सर्वे टीम को मिल ही नहीं पाए। एक बड़ी संख्या उन मतदाताओं की भी है, जिन्होंने अपने निवास स्थान को बदलकर दूसरी जगह शिफ्ट कर लिया है। ऐसे 94 हजार मतदाताओं के नाम भी सूची से काटे गए हैं ताकि मतदाता सूची में एकरूपता बनी रहे।
एडीएम वित्त एवं राजस्व वान्या सिंह ने बताया कि जिले में कुल 27 लाख मतदाता हैं और इस बड़े पैमाने पर सुधार कार्य को पूरा करने के लिए टीमें अथक प्रयास कर रही हैं। अब तक की प्रगति को देखते हुए, उम्मीद है कि जल्द ही यह अभियान अपने अंतिम चरण में पहुंचेगा।