बिजनौर। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) महिला मतदाताओं के लिए जी का जंजाल बन गया है। उन्हें अपने मायके से वोटर लिस्ट की जानकारी जुटानी पड़ रही है। फिर इसका मिलान करने में बीएलओ परेशान हो रहे हैं। उन्हें ऐसे वोटरों का मिलान करने में ज्यादा दिक्कत हो रही है जिनके नाम 2003 की मतदाता सूची में नहीं थे।
ऐसे मतदाताओं का मिलान उनके दादा या दादी के नाम से करना पड़ रहा है। मतदाता सूची हिंदी में है और बीएलओ एप पर नाम सर्च करने के लिए अंग्रेजी भाषा में लिखा जा रहा है। इससे स्पेलिंग अलग हो जाने के कारण मिलान नहीं हो पा रहा। साथ ही एक ही नाम के कई वोटरों की लिस्ट खुलकर सामने आ जाती है। इसमें से सही वोट छांटने में काफी समय लग रहा है। बीएलओ को एसआईआर का एक फार्म फीड करने में दस से 15 मिनट का समय लग जाता है।