बिजनौर। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड की एसआई की लिखित परीक्षा शनिवार (आज) और रविवार को जिले में 13 परीक्षा केंद्रों पर होगी। परीक्षा में 20 हजार 120 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
चार पालियों में होने वाली परीक्षा में प्रत्येक पाली में पांच हजार 40 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को देखते हुए 13 स्टैटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। डीएम जसजीत कौर और एसपी अभिषेक झा ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों, सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर पुलिस प्रभारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। प्रथम पाली सुबह 10 से 12 बजे तक व द्वितीय पाली अपराह्न तीन से शाम पांच तक रहेगी। परीक्षा केंद्रों पर कक्षों में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों को कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश लेते समय अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की जाएगी। किसी भी तरह की इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। परीक्षा के नोडल अधिकारी एएसपी देहात प्रकाश कुमार ने बताया परीक्षा पारदर्शिता एवं शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।