नेपाल में गोल्ड मेडल प्राप्त करतीं श्रद्धा पहलवान।
- फोटो : NAZIBABAD
अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में श्रद्धा ने जीता गोल्ड
नजीबाबाद/मंडावली। गांव नियामतपुर निवासी श्रद्धा ने अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता के फाइनल में मलेशिया की पहलवान को हराकर गोल्ड मेडल जीता। मेडल लेकर गांव लौटने पर ग्रामीणों ने श्रद्धा का जोरदार स्वागत किया।
नेपाल के काठमांडू में 23 से 25 मई तक अंतरराष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता इंडो-नेपाल यूथ गेम्स-2022 का आयोजन हुआ था। जिसमें नियामतपुर निवासी नीरज सिंह की बेटी श्रद्धा चौधरी ने भाग लिया था। कोच अमित चौधरी और मोहित सोम के साथ श्रद्धा 21 मई को नेपाल पहुंची थी। कुश्ती प्रतियोगिता में श्रद्धा ने शानदार प्रदर्शन कर देश व प्रदेश का नाम रोशन किया। कुश्ती के फाइनल में श्रद्धा का मुकाबला मलेशिया की पहलवान नोमी से हुआ, जिसे हराकर श्रद्धा ने प्रतियोगिता का फाइनल जीता। गोल्ड मेडल के साथ गांव पहुंचने पर श्रद्धा का परिजनों, ग्रामीणों ने फूलमाला के साथ स्वागत किया। श्रद्धा अपनी जीत का श्रेय अपने पिता नीरज चौधरी और माता आकांक्षा को देती हैं। वर्तमान में श्रद्धा नहटौर डिग्री कॉलेज से बीए द्वितीय वर्ष की शिक्षा प्राप्त कर रही है।
राष्ट्रीय स्तर पर श्रद्धा के नाम हैं दो गोल्ड
श्रद्धा के नाम राष्ट्रीय स्तर पर दो गोल्ड मेडल हैं। पहला गोल्ड मेडल वर्ष 2021 में हरियाणा के चौधरी देवीलाल यूनिवर्सिटी, सिरसा में और दूसरा गोल्ड मेडल राजस्थान के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स स्टेडियम जैसलमेर में प्राप्त किया था। श्रद्धा का सपना ओलंपिक में खेलों में देश के लिए पदक जीतना है।