बिजनौर में साप्ताहिक बंदी के दौरान शहर में उमड़ी भीड़।
- फोटो : BIJNOR
साप्ताहिक बंदी में खुलीं दुकानें
बिजनौर। साप्ताहिक बंदी का जिला मुख्यालय पर मिलाजुला असर देखने को मिला। सुबह को तो अधिकतर दुकानदारों ने दुकानें बंद रखीं, लेकिन दोपहर होते होते दुकान खोल लीं। बाजार में रोज की तरह ही उपभोक्ताओं की चहलकदमी रही। हालांकि मोहल्ला काजीपाड़ा में लगने वाला साप्ताहिक बुध बाजार नहीं लगा। व्यापारी बाजार में दुकान लगाने ही नहीं आए।
लॉक डाउन खुलने के बाद अब साप्ताहिक बंदी पर जोर दिया जा रहा है। कस्बों, तहसीलों में साप्ताहिक बंदी पर दुकानदार बाजार बंद रख रहे हैं। बुधवार को जिला मुख्यालय पर साप्ताहिक बंदी रहती हैं। साप्ताहिक बंदी के बाद भी व्यापारी सवेरे दुकानों पर पहुंच गए। कोई दुकान के आगे खड़ा हो गया तो किसी दुकानदार ने दुकान का आधा शटर उठाकर व्यापार शुरू कर दिया। सबसे पहले घंटाघर के पास लगने वाला बाजार पूूरी तरह खुल गया। इसका पता चलने पर सिविल लाइन व मुख्य बाजार की दुकान भी खुलने लगीं। धीरे धीरे ज्यादातर लोगों ने अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान खोल ही लिए।
बाजार में रोज के जैसी भीड़ उमड़ी। बुधवार को मोहल्ला काजीपाड़ा में बुध बाजार लगता है। मुजफ्फरनगर, मेरठ के व्यापारी बुध बाजार में आकर दुकान लगाते हैं। जिले के व्यापारी संगठनों ने साप्ताहिक बुध या इतवार बाजार में से एक को ही लगाने को कहा था। माना जा रहा था कि बुध बाजार में व्यापारी आएंगे और दुकान लगाएंगे। व्यापारियों की नजर बुध बाजार को लेकर प्रशासन की कार्रवाई पर थी, लेकिन बुध बाजार में व्यापारी आए ही नहीं। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष मनोज कुच्छल का कहना है कि काफी व्यापारियों ने साप्ताहिक बंदी में दुकान बंद रखी हैं। आगे व्यापारी प्रशासन का और भी सहयोग करेंगे। प्रशासन भी जिले में केवल एक ही साप्ताहिक बाजार लगवाए।
बिजनौर में साप्ताहिक बंदी के दौरान मुख्य बाजार में बंद और खुली दुकानें।- फोटो : BIJNOR