शिवरात्रि आज: ड्रोन से होगी शिवालयों की निगरानी
बिजनौर। सावन माह की शिवरात्रि आज है। भगवान भोलेनाथ के इस महापर्व को लेकर पुलिस ने सुरक्षा इंतजामों का खाका तैयार किया है। ड्रोन से शिवालयों की निगरानी की जाएगी और पुलिस का कड़ा पहरा रहेगा। इंतजामों को मजबूत बनाने के लिए जिले को तीन सुपर जोन, छह जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया है। उधर शिवालयों में एक दिन पहले ही तैयारियां कर ली गई, मंदिरों को सुंदर तरीके से सजाया गया है। उधर शिवरात्रि की पूर्व संध्या पर शिवालयों में भजन कीर्तन का दौर चलता रहा।
सावन के दूसरे सोमवार के चलते मंदिरों में सुबह से ही भक्तों की भीड़ लगी हुई थी। सोमवार की दोपहर बाद शिवालयों की भीड़ खत्म हुई तो शिवरात्रि की तैयारियां होने लगी। मंदिरों में सजावट की गई। खारी के झारखंडी मंदिर में लाईटिंग की व्यवस्था की गई। नगीना के बड़े मंदिर को भी आकर्षक तरीके से सजाया गया। मोटामहादेव मंदिर में भी शाम ढलने तक सभी तैयारियां कर ली गई। बाकायदा बेरिकेडिंग की गई है। इसके अलावा रोशनी के पुख्ता इंतजाम किए गए। बता दें कि अपने आराध्य देव की आस्था में शिवरात्रि पर शिवालयों में भक्तों का सैलाब उमड़ना लाजिमी है। ऐेसे में पुलिस महकमे ने भी तैयारी शाम ढलने से पहले ही कर ली थी। जिले को तीन सुपर जोन, छह जोन और 21 सेक्टर में बांटा गया है। जिले के प्रमुख मंदिरों पर पुलिस की ड्यूटी लगा दी गई। उधर प्रमुख मंदिरों के आस पास ड्रोन से भी नजर रखी जाएगी।
कांवड़ियों की सेवा को लगाया शिविर
बिजनौर। सोमवार को जिले से डाक कांवड़ के गुजरने का सिलसिला जारी रहा। उधर जगह जगह शिवभक्तों की सेवा के लिए शिविर लगाए गए। नजीबाबाद कोतवाली मार्ग में कोतवाली देहात के पास मिलेनियम पब्लिक स्कूल की ओर से कांवड़ सेवा शिविर लगाया गया। जिसमें कांवड़ियों को खाने पीने का सामान वितरित किया गया। साथ ही कांवड़ियों की सेवा की गई। इस दौरान प्रधानाचार्य अजय कुमार, अबुल कलाम, सुभाष शर्मा, बंटी कुमार, गौरव, समर, नितेश आदि शामिल रहे।