कुवैत से आए सात और प्रवासी कोरोना संक्रमित
बिजनौर। जिले में सात और नए कोरोना पॉजिटिव केस मिले हैं। जिसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य अफसरों में हड़कंप मच गया। शनिवार रात आई जांच रिपोर्ट में इसका पता चला। सभी मरीजों को मंडलीय लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र में बनाए गए कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। शनिवार से ही स्वाहेड़ी में कोविड केयर सेंटर शुरू हुआ है, अब तक इसमें 14 मरीज भर्ती हो चुके हैं।
सीएमओ के अनुसार शनिवार रात आई जांच रिपोर्ट में कुवैत से लौटे प्रवासी मजदूर कोरोना संक्रमित निकले। इनमें से मुंढाला गांव के दो, गांव बकली, किशनपुर, काजीवाला, ग्राम इस्लामपुर दास, फतेहपुर नोआबाद गांव के एक-एक मरीज कोरोना पॉजिटिव निकला। सभी सातों मरीजों को मंडलीय लेखपाल प्रशिक्षण केंद्र स्वाहेड़ी में बने कोविड केयर सेंटर में भर्ती कराया गया है। सभी मरीज कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय धर्मनगरी में क्वारंटीन थे। जिले में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। शनिवार रात सात और नए केस मिलने के बाद कुल कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 155 और एक्टिव केस 86 हो गए हैं।
सीएमओ डॉ. विजय कुमार यादव ने बताया कि जनपद में बाहर से आए लोगों ने ही कोरोना संक्रमण फैलाया है। सबसे पहले 13 अप्रैल को स्योहारा क्षेत्र में कोरोना पॉजिटिव केस निकला था। तब से लेकर आज तक कुल 155 लोगों में कोरोना पॉजिटिव आने की पुष्टि हो चुकी है, जबकि दो लोगों की कोरोना से मौत हुई है। इनमें 67 पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं। अन्य संक्रमित मरीजों का भी उपचार किया जा रहा है।