नहटौर के गांव गारबपुर में महिला की हत्या की जांच करती पुलिस।
- फोटो : BIJNOR
नौकर ने पैसे के लेन-देन को लेकर की मालकिन की हत्या
नहटौर। पैसे के लेन-देन को लेकर नौकर ने अपनी मालकिन के सिर पर डंडे से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी। सुबह महिला का खून से लथपथ शव देखकर हत्या का पता चला। महिला का शव अर्द्धनग्न अवस्था में बैड पर पड़ा हुआ था। हत्या में इस्तेमाल डंडा भी बुग्गी में लगा हुआ मिला। महिला के कानों से उसके कुंडल गायब मिले। पुलिस ने शव को सीलकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका के पुत्र ने नौकर के खिलाफ हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। आरोपी के फरार होने पर ही उस पर शक हुआ है।
गांव गारबपुर निवासी स्वर्गीय राम सिंह की 70 वर्षीय पत्नी उर्मिला देवी घर पर अकेली रहती थी। उनका पुत्र धामपुर में रहता है। उर्मिला देवी खेतीबाड़ी की देखरेख भी करती थीं। बताया जाता है कि सुबह नौकर रुस्तम व वीरू घर के दरवाजे पर पहुंचे, लेकिन दरवाजा नहीं खुलने पर उन्होंने परिवार वालों से बताया। सीढ़ी से घर के अंदर पहुंचकर दरवाजा खोला गया। उसके बाद उर्मिला के कमरे में जाकर देखा तो उसका शव खून से लथपथ बैड पर अर्धनग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। इसको लेकर परिवार में कोहराम मच गया। महिला के सिर पर डंडे से प्रहार कर हत्या की गई। हत्या में प्रयुक्त डंडा घर में खड़ी बुग्गी से निकाला गया था। हमला करने के बाद दोबारा से वहीं पर लगा दिया। डंडे पर खून के निशान मिले। हमलावर ने घर के मैन बिजली सप्लाई के बोर्ड से बिजली को भी काट दिया।
सूचना पर सीओ व डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचा। घर में काम करने वाले तीसरे नौकर के गायब होने पर उस पर हत्या करने का शक हुआ। हत्या रात में किसी समय की गई। मृतका के पुत्र अमित कुमार ने गांव के ही रहने वाले तीसरे नौकर राजकुमार उर्फ रामा पर पैसे के लेन-देन को लेकर हत्या करने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई हैं। राजकुमार बचपन से इनके पास रहकर नौकरी करता है। उसे शराब पीने की आदत है। कोतवाल सत्य प्रकाश सिंह का कहना है कि नामजद तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है ।