शहरकमपुर गिलाड़ी में अपराधों पर अंकुश लगाने, सुरक्षा और समाज सुधार के लिए उठाया गया कदम
संवाद न्यूज एजेंसी
नहटौर (बिजनौर)। अपराधों पर अंकुश लगाने, सुरक्षा और समाज सुधार के लिहाज से ग्राम पंचायत शाहरकमपुर गिलाड़ी की ग्राम प्रधान अनु देवी ने मुहिम शुरू की है। इसके लिए पंचायत के गांव में मुनादी कराई है। इसमें चेतावनी दी गई कि पंचायत के किसी भी गांव में कोई व्यक्ति शराब बेचता या सट्टा खिलाता पकड़ा गया तो उस पर पंचायत की ओर से 21 हजार का जुर्माना लगाया जाएगा।
इसके अलावा चेतावनी दी कि सार्वजनिक स्थानों और सड़क के किनारे शराब पीने वालों से भी 2100 रुपये का जुर्माना वसूला जाएगा। शराबी पतियों की मारपीट से परेशान महिलाएं ग्राम पंचायत से मदद मांगती हैं तो उनकी मदद मदद की जाएगी। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से ही उसकी भरपाई कराई जाने की चेतावनी भी दी गई है।
इसके अलावा सुरक्षा के लिहाज से गांवों में आने वाले अंजान फेरीवालों के आधार कार्ड देखने के लिए कहा गया है। कोई भी व्यक्ति संदिग्ध लगता है, तो उसेे पकड़कर बैठा लेने का अपील की गई है। उसके साथ किसी प्रकार की मारपीट न करने और तत्काल सूचना ग्राम प्रधान या पुलिस को देने की बात कही गई है।
करन सिंह, संजीव कुमार, राजीव कुमार, लोकेंद्र सिंह आदि ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान की ओर से चलाई जा रही मुहिम की सराहना की है। कहना है कि इस मुहिम से अपराधों पर अंकुश लगेगा। ग्राम प्रधान अनु देवी ने बताया कि समाज हित में यह मुहिम चलाई गई है।