बिजनौर। प्रधानी चुनाव के प्रथम चरण का मतदान कराने के लिए पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों पर पहुंच गई हैं। प्रशासन ने चुनाव निष्पक्ष कराने के लिए पुख्ता इंतजाम किए हैं। अर्द्ध सैनिक बल चुनाव पर निगरानी के लिए तैनात हैं। येलो एवं रैड कार्ड धारकों पर निगाह रखने के लिए स्पेशल पुलिस दस्ते लगाए गए।
प्रथम चरण के चुनाव में कोतवाली देहात, नजीबाबाद तथा किरतपुर ब्लाक में 28 नवंबर को सुबह सात बजे से सायं साढे़ चार बजे तक वोट पड़ेंगे।
उपजिला निर्वाचन अधिकारी एवं सीडीओ डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने बताया कि कोतवाली ब्लाक के 182 मतदान केंद्रों के 392 मतदेय स्थलों, नजीबाबाद ब्लाक के 176 मतदान केंद्रों के 338 मतदेय स्थलों व किरतपुर ब्लाक के 95 मतदान केंद्रों के 190 मतदेय स्थलों पर पोलिंग पार्टियां शुक्रवार को मतदान केंद्रों पर पहुंच गई।
प्रथम चरण में कोतवाली देहात ब्लाक में दो लाख 59 हजार 293 मतदाता, नजीबाबाद ब्लाक में दो लाख 51 हजार 685 मतदाता तथा किरतपुर ब्लाक में एक लाख 24 हजार 272 मतदाता वोट डालेंगे।
प्रशासन चुनाव की हर गतिविधि पर पैनी निगाह रखे हैं। अति संवेदनशील तथा अतिसंवेदनशील प्लस मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफर पहुंच गए। जो मतदान समाप्त होने तक लगातार वीडियोग्राफी करेंगे। अर्द्ध सैनिक बल की एक कंपनी चुनाव में लगी है।
सामान्य मतदान केंद्रों पर भी सशस्त्र पुलिस तैनात है। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों को 200 मीटर के दायरे में प्रत्याशियों के टेंट नहीं लगने देने के सख्त निर्देश हैं। प्रत्याशी और उनके एजेंट को मतदान केंद्रों पर माचिस, पानी की बोतल, मोबाइल ले जाने से रोकने के इंतजाम हैं।
वोटर आईडी लाने वाला ही मतदाता वोट डालने के लिए लाइन में लगेंगे। वोटरों को सलाह दी गई है कि वे घर से आईडी लेकर ही वोट डालने के लिए निकलें।
392 बूथों के लिए पोलिंग पार्टी रवाना
कोतवाली देहात। विकास खंड कोतवाली के चुनाव अधिकारी जिला गन्ना अधिकारी ओमप्रकाश सिंह ने बताया कि क्षेत्र में प्रधान पद के 149 पदों और पंचायत सदस्य के 447 पदों के लिए आज मतदान होना है।
जिसके लिए जनता इंटर कालेज कोतवाली से शुक्रवार को 182 मतदान स्थल पर बने 392 बूथ के लिए पोलिंग पार्टी रवाना हुई। प्रधान पद के 149 पदों के लिए 1344 प्रत्याशी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
चुनाव मैदान में खड़े प्रधान पद के 1344 और पंचायत सदस्य पद के 1863 पदों में से 447 पदों के लिए लगभग 2113 प्रत्याशियों के भविष्य का निर्णय लगभग दो लाख 64 हजार 444 मतदाता करेंगे। चुनाव अधिकारी ने बताया कि पोलिंग पार्टी अपने स्थानों पर पहुंच गई हैं।
पेटियों में बंद होगा प्रत्याशियों का भाग्य
नजीबाबाद। नजीबाबाद विकास खंड की 131 ग्राम पंचायतों में ग्राम प्रधान पद पर चुनाव लड़ रहे 884 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला आज मतदान के साथ होगा। निर्वाचन अधिकारी सुधांशु पांडेय के नेतृत्व में सेक्टर मजिस्ट्रेटों की देखरेख में मतदान होगा।
ब्लॉक क्षेत्र में 176 मतदान केंद्रों के 338 बूथों पर वोट डाले जाएंगे। शुक्रवार को कासमियां इंटर कॉलेज से सभी बूथों के लिए मतदान सामग्री लेकर मतदानकर्मी शांतिपूर्वक व व्यवस्थित तरीके से रवाना हो गए।
उधर, थाना प्रभारी सत्यवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने ग्राम पंचायत हर्सवाड़ा, धनसीनी, कल्हेड़ी, मंडावली एवं किरतपुर ब्लॉक क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया।
उल्लंघन करने वालों से सख्ती से निपटें
नजीबाबाद। ग्राम पंचायत चुनाव की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ डीएम और एसपी ने कानून व्यवस्था का उल्लंघन न होने देने के अधीनस्थ अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। डीएम ने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनाव में अवरोध बनने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
लोनिवि निरीक्षण भवन में डीएम वीके पंवार और एसपी एसएस बघेल ने जनपद भर के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। डीएम ने सभी अधिकारियों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करते हुए स्पष्ट किया कि शांतिपूर्वक और गोपनीय मतदान कराना हमारा लक्ष्य है।
एसपी ने बताया कि परिस्थितियों को देखते हुए कुछ प्रत्याशियों को येलो और रेड कार्ड जारी किए गए हैं। चुनावी सरगर्मियों में संबंधित प्रत्याशियों द्वारा शांतिभंग होने पर येलो कार्डधारक को चेतावनी देकर छोड़ा जा सकता है, जबकि रेड कार्डधारक प्रत्याशी की तुरंत गिरफ्तारी की जाएगी। संवेदनशील आैर अति संवेदनशील बूथों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी।
डीएम ने एसडीएम वीके श्रीवास्तव से नजीबाबाद और किरतपुर ब्लॉक में मतगणना के लिए की गई तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन राममूर्ति मिश्रा, सीडीओ इंद्रमणि त्रिपाठी, एएसपी कल्पना सक्सेना, धर्मवीर सिंह के साथ अतिरिक्त मजिस्ट्रेट बिजनौर वीके सिंह और जनपद की विभिन्न तहसीलों के एसडीएम और सीओ मौजूद रहे।