बिजनौर में आंधी के दौरान वाहनों को दिन में ही जलानी पड़ी लाइट।
- फोटो : अमर उजाला
िजनौर में रविवार शाम आंधी के तेज झोंकों के बाद आई तेज बारिश ने मौसम खुशगवार कर दिया। तेज बारिश से भीषण गर्मी से राहत मिली। बारिश से किसानों के चेहरे भी खिल गए हैं। सभी फसलों के लिए बारिश इस समय वरदान है। आंधी आने के साथ ही बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
शाम करीब सवा छह बजे हवा की रफ्तार तेज होने लगी और देखते ही देखते तेज आंधी शुरू हो गई। करीब आधे घंटे तक तेज आंधी के झौंके चले। आंधी की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक थी। करीब सात बजे तेज बारिश शुरू हो गई। आसमान में तेज चमक व आवाज के साथ बिजली कड़कती रही।
बारिश के दौरान भी तेज हवा चलती रही। बारिश शुरू होते ही लोग घरों की ओर दौड़े। कई जगह युवाओं ने बारिश में नहाकर गर्मी से राहत पाई। जानकारों के मुताबिक, बारिश गन्ने सहित सभी फसलों के लिए वरदान साबित होगी।
देहात में बिजली आपूर्ति बदहाल है, लेकिन किसानों के लिए बारिश की बूंदों के रूप में सोना बरसा है। किसान नरपाल सिंह, महमूद, नरेश आदि का कहना है कि इस समय फसलों को सिंचाई की जरूरत थी। बारिश होने से कुछ दिन के लिए बिजली की आपूर्ति में भी सुधार होने का अनुमान है।
बारिश से अगले दो-चार दिन तापमान तीन से चार डिग्री तक कम रहने की उम्मीद है। नगीना स्थित मौसम वेधशाला के प्रेक्षक आरके शर्मा के अनुसार आर्द्रता के अनुसार बारिश के आसार नहीं हैं। आंधी के साथ बादल आने से यह बारिश हुई है।