नगीना के ग्राम किरतपुर के जंगल में ड्रोन से गुुलदार की तलाश करते वन अधिकारी।
- काफी मशक्कत के बाद भी गुलदार को नहीं पकड़ सकी वन विभाग की टीम
- गुलदार के हमले में किशोरी की मौत के बाद से दहशत में हैं ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। नगीना इलाके के किरतपुर गांव में गुलदार की तलाश के लिए ड्रोन का सहारा लिया गया लेकिन गुलदार तमाम प्रयास के बाद भी पकड़ में नहीं आया है। उधर खेतों में दो जगहों पर पिंजरे लगाए हुए हैं और ट्रैप कैमरों से भी गुलदार को ढूंढा जा रहा है। दरअसल गुलदार के हमले में किशोरी की मौत के बाद से लोग दहशत में हैं।
सोमवार को वन विभाग के एसडीओ नजीबाबाद और बिजनौर, वन दरोगा रूचित चौधरी, धर्मेंद्र कुमार, दीपक कुमार, सौरभ कुमार, संजय राणा की टीम ने ग्राम किरतपुर के जंगल में कांबिंग कर ड्रोन उड़ाए। साथ ही कई स्थानों पर कैमरे भी लगाए गए। उधर संभावित स्थानों पर पिंजरों की संख्या में भी इजाफा किया गया। फिर भी गुलदार का कहीं कोई पता नहीं लग सका।
वन विभाग का मानना है कि जंगल में कुछ स्थान संदिग्ध है, जहां पर शायद गुलदार छिपा होगा। वन विभाग की टीम लगातार गुलदार को पकड़ने के लिए लगी हुई है। वन दरोगा रुचित चौधरी का कहना है कि गुलदार को अतिशीघ्र पकड़ने की कोशिश की जा रही है। गुलदार के पकड़े जाने तक वन विभाग की टीम गांव में ही मुस्तैद रहेगी। गुलदार के वन टीम के पकड़ में नही आने से ग्रामीण भी भयभीत है। उनको किसी अप्रिय घटना का भय सता रहा है। बता दें कि शुक्रवार की शाम अपनी मां के साथ मंदिर जा रही किशोरी पर गुलदार ने हमला कर दिया था, जिससे चौदह वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। इसके बाद से भी गांव के आस पास गुलदार देखा जा रहा है, लेकिन पकड़ में नहीं आया है।