धामपुर। श्री फिन प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में कार्यरत सीएसएम कस्टमर सक्सेस मैनेजर आकाशपाल नौ समूहों की महिलाओं की किस्तों की लगभग 1.93 लाख रुपये की रकम लेकर गायब हो गया। शाखा प्रबंधक प्रदीप कुमार ने सीएसएम खिलाफ पुलिस में सोमवार को नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई थी। पुलिस ने आरोपी की तलाश में कई स्थानों पर छापेमारी की। पर सफलता नहीं मिल सकी।
कोतवाली शहर बिजनौर के ग्राम रामपुर ठकरा निवासी शाखा प्रबंधक प्रदीप कुमार ने सोमवार को दर्ज प्राथमिकी बताया कि उनकी शाखा का मुख्य कार्यालय हैदराबाद में स्थित है। धामपुर में कंपनी की शाखा का कार्यालय फूलबाग कॉलोनी में संचालित है। उनकी कंपनी महिलाओं के समूह बनाकर रोजगार के लिए उन्हें लोन उपलब्ध कराती है। बाद में लोन की रकम किस्तों में वसूल की जाती है। शाखा ने अनेक समूहों की महिलाओं को लोन दे रखा है। आकाशपाल पुत्र वेदपाल सीएसएम शाखा में सीएसएम पद पर नियुक्त है। उसका काम समूहों की महिलाओं से लोन की किस्त वसूल कर कंपनी में जमा करना है। आरोपी आकाशपाल एक अक्तूबर 2025 को नौ समूहों की महिलाओं से लगभग 1.93 लाख रुपये की धनराशि एकत्र की और धोखाधड़ी कर भाग गया। सीओ अभय कुमार पांडे का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश में पुलिस की ओर से कई स्थानों पर दबिश दी गई। आरोपी पकड़ में नहीं आ सका है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर कार्रवाई होगी।